हांसी जिले के नारनौंद स्थित खांडा खेड़ी गांव में 61 वर्षीय कमला देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। उनके बेटे मोहित ने अज्ञात व्यक्ति पर सोने के जेवरात लूटने की नीयत से हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका के गले से सोने की चेन और कानों से झुमके गायब मिले हैं। पुलिस ने मोहित के बयान के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मोहित ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह खांडा खेड़ी का निवासी है। परिवार में दो भाई और एक बहन हैं। उनके पिता का निधन 23-24 साल पहले हो चुका था। उनकी मां कमला देवी उनके साथ रहती थीं और हृदय रोग से पीड़ित थीं। उनका हिसार के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। 20-21 जनवरी को मोहित अपनी मां को नियमित जांच के लिए अस्पताल ले गया था। बेटा बोला- घर में बेहोश अवस्था में मिली थी मां मोहित के अनुसार, 26 जनवरी को वह विदेश जाने के लिए मेडिकल जांच कराने दिल्ली गया था। रास्ते में वह अपनी बहन के घर रोहतक रुका। अगले दिन काम निपटाकर 27 जनवरी की शाम करीब 6 बजे वह घर लौटा। घर पहुंचने पर मुख्य दरवाजा खुला मिला। उसने अंदर जाकर मां को आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं आया। अंदर वाले कमरे के पास पहुंचने पर उसने देखा कि उसकी मां फर्श पर बेहोश अवस्था में पड़ी थीं। मोहित ने उन्हें उठाने की कोशिश की, लेकिन कोई हलचल नहीं हुई और उसे मां की मृत्यु का आभास हुआ। मोहित ने बताया कि उसकी मां के गले की सोने की चेन और कानों के झुमके गायब थे, जो वह हमेशा पहनकर रखती थीं। इसके बाद उसने पड़ोसियों को बुलाया और अपने बड़े भाई मनदीप को घटना की सूचना दी। भाई के मोबाइल से 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस के पहुंचने के बाद सीन ऑफ क्राइम टीम ने मौके का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि घर की अलमारी में रखे 2 लाख 10 हजार रुपये और अन्य जेवरात सुरक्षित थे। नारनौंद थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 309(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम कराकर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा तथा आरोपियों की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए हांसी के नागरिक अस्पताल में रखवा दिया है। आज शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।


