सोनभद्र में दलित युवक से मारपीट:जाति सूचक गालियां देने का आरोप, पानी भरने के झगड़े में केस दर्ज

सोनभद्र में दलित युवक से मारपीट:जाति सूचक गालियां देने का आरोप, पानी भरने के झगड़े में केस दर्ज

सोनभद्र के पिपरी थाना क्षेत्र के रेणुकूट स्थित शिवापार्क में सार्वजनिक नल से पानी भरने को लेकर हुए विवाद में एक दलित युवक से मारपीट और जातिसूचक शब्दों के प्रयोग का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिवापार्क निवासी अंकज सरोज (26), जो संविदा पर मजदूर के रूप में कार्यरत हैं, ने पुलिस को बताया कि 26 जनवरी की देर शाम ड्यूटी से लौटने के बाद वे अपने घर के पास सार्वजनिक नल पर पानी भरने गए थे। वहां मोहल्ले का शिवराम सोनी (30) पहले से मौजूद था। अंकज सरोज का आरोप है कि पानी भरने को लेकर शिवराम सोनी ने अचानक विवाद शुरू कर दिया और उनकी बाल्टी उठाकर फेंक दी। विरोध करने पर शिवराम ने गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। आरोप है कि इसी दौरान शिवराम ने बाल्टी से अंकज के सिर पर वार कर दिया, जिससे उन्हें चोट आई। पीड़ित का कहना है कि शिवराम ने ताबड़तोड़ कई बार बाल्टी से उन पर प्रहार किया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसी बीच आरोपी की पत्नी संगीता वर्मा और पिता शिव गोविंद सोनी भी वहां आ गए। अंकज सरोज के अनुसार, तीनों ने मिलकर उनके साथ मारपीट की, जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। स्थिति बिगड़ती देख अंकज सरोज किसी तरह वहां से जान बचाकर भागे। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे एक गरीब मजदूर हैं और घटना से मानसिक रूप से आहत हैं। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। पिपरी थानाध्यक्ष सत्येंद्र राय ने बताया कि पानी भरने को लेकर मारपीट का मामला आया था इस पर एफआईआर दर्ज कर लिया गया है जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *