DA Hike: महाराष्ट्र सरकार का कर्मचारियों को होली का तोहफा, महंगाई भत्ता 3% बढ़ाया, एरियर का भी ऐलान

DA Hike: महाराष्ट्र सरकार का कर्मचारियों को होली का तोहफा, महंगाई भत्ता 3% बढ़ाया, एरियर का भी ऐलान

Maharashtra DA Hike 2026: महाराष्ट्र सरकार ने राज्य के लाखों कर्मचारियों (Maharashtra Government Employees) और पेंशनभोगियों को होली से पहले बड़ी खुशखबरी दी है। सरकार ने महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है, जिससे अब कुल डीए बढ़कर 58 प्रतिशत हो गया है।

महाराष्ट्र के वित्त राज्य मंत्री आशीष जायसवाल ने बुधवार को विधानसभा में घोषणा की कि राज्य सरकार के कर्मचारियों और अन्य पात्र कर्मियों के महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत का इजाफा किया गया है। इस वृद्धि के बाद अब राज्य में डीए की दर 55% से बढ़कर 58% हो गई है। सरकार का यह फैसला जुलाई 2025 से प्रभावी माना जाएगा, जिससे कर्मचारियों की सैलरी और पेंशनभोगियों की पेंशन में सीधा लाभ दिखाई देगा।

इस महीने से मिलेगा बढ़ा हुआ डीए, एरियर का भी ऐलान

मंत्री आशीष जायसवाल ने स्पष्ट किया कि बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता इसी महीने से नकद में मिलना शुरू हो जाएगा। जहां तक पिछले महीनों के एरियर (बकाया) की बात है, तो जुलाई 2025 से अक्टूबर 2025 तक की अवधि का बकाया मार्च 2026 में ‘गुड़ी पड़वा’ के शुभ अवसर पर दिया जाएगा। वहीं, नवंबर 2025 से जनवरी 2026 तक के एरियर भुगतान के संबंध में आदेश अलग से जारी किए जाएंगे।

13 लाख से अधिक को सीधा लाभ

सरकार के इस फैसले से राज्य के खजाने पर असर तो पड़ेगा, लेकिन यह कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है। इस निर्णय से महाराष्ट्र के लगभग 5.16 लाख राज्य सरकार के कर्मचारी और करीब 8.72 लाख पेंशनभोगी लाभान्वित होंगे। कुल मिलाकर 13.88 लाख से ज्यादा परिवारों को इस महंगाई भत्ते की बढ़ोतरी का फायदा मिलेगा।

सरकारी कर्मचारियों का डीए समय-समय पर बढ़ाया जाता है ताकि बढ़ती महंगाई के असर को संतुलित किया जा सके। 58 प्रतिशत डीए लागू होने से महाराष्ट्र के सरकारी कर्मचारियों के वेतन ढांचे में अहम बदलाव होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *