Cricket Match: विजेता टीम को मिला बकरा और 20 हजार रुपए नगद, उपविजेता के हाथ आया बड़ा सुअर

Cricket Match: विजेता टीम को मिला बकरा और 20 हजार रुपए नगद, उपविजेता के हाथ आया बड़ा सुअर

Final Cricket Match: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के पखांजूर के ग्राम बेलगाल में आयोजित 10 दिवसीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल रविवार को खेला गया। मेजबान टीम बेलगाल और जय भीम क्रिकेट क्लब पी. व्ही. 63 के बीच जोरदार मुकाबला हुआ। फाइनल मुकाबला 10-10 ओवर का निर्धारित था। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बेलगाल टीम विपक्षी गेंदबाजों की सटीक लाइन-लेन्थ के सामने दबाव में रही।

Cricket Match: 65 रन बनाकर ट्राफी किया अपने नाम

पूरी टीम 8 ओवर 2 गेंद में 10 विकेट खोकर केवल 64 रन ही बना पाई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जय भीम क्रिकेट क्लब पी. व्ही. 63 ने संयम और आक्रामकता का संतुलन बनाए रखा। सलामी बल्लेबाजों की तेज शुरुआत के कारण टीम ने 7 ओवर में 65 रन बनाकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। मैदान में खिलाडिय़ों और समर्थकों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

अनोखा पुरस्कार और सम्मान

प्रतियोगिता का सबसे अनोखा आकर्षण पुरस्कार रहा। प्रथम पुरस्कार में 20 हजार रुपए नकद के साथ एक बड़ा बकरा और द्वितीय पुरस्कार में 15 हजार रुपए नकद के साथ एक बड़ा सुअर रखा गया था। यह अनोखा पुरस्कार खिलाडिय़ों और दर्शकों के लिए विशेष रोमांच और उत्साह का कारण बना। खिलाड़ियों ने इन पुरस्कारों को पाकर खुशी और गर्व व्यक्त किया। व्यक्तिगत पुरस्कारों में बेलगाल के हरेश दीवान को पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द सीरीज’ से नवाजा गया। फाइनल में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए पी. व्ही. 63 के कमल विश्वास को ‘मैन ऑफ द मैच’ तथा प्रशंजीत देवनाथ को ‘बेस्ट बैट्समैन’ का पुरस्कार मिला।

Cricket Match in kanker

मुख्य अतिथि और संदेश

समापन समारोह में डिप्टी रेंजर रमेश धनकर, वनपाल खिलेश रावटे, जनपद सदस्य और गांव के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। रमेश धनकर ने कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को नशे और बुरी प्रवृत्तियों से दूर रखती हैं। खेल अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। वनपाल खिलेश रावटे ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन क्षेत्र में भाईचारा और सामाजिक समरसता मजबूत करते हैं।

ग्रामीण परिवेश में खेल भावना, उत्सव का माहौल और आपसी सौहार्द लिए यह प्रतियोगिता क्षेत्र के लिए यादगार बन गई। आयोजकों ने भविष्य में इसे और भव्य स्तर पर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया। आयोजन समिति के अध्यक्ष महेश बघेल, पूर्व सरपंच जितेंद्र बघेल, उपसरपंच रासो बाई नुरूटी, प्रेमानंद मंडल, दीपंकर हालदार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और खिलाड़ी बंधु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *