Pranit More On 370 Biryani Controversy: सोशल मीडिया पर इन दिनों 370 की बिरयानी विवाद काफी गरमाया हुआ है। इसे लेकर इंटरनेट पर जहां एक तरफ कई तरह के मीम्स देखने को मिल रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ देखते ही देखते मुद्दा इतना बड़ा हो गया है कि विवादित टिप्पणी करने वाले युवक की नौकरी तक चली गई है।
अब इस मामले में कॉमेडियन प्रणित मोरे ने जहां सार्वजनिक तौर पर माफी मांगी है वहीं दूसरे कॉमेडियन विकास कुश शर्मा का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने ऐसी सोच और मानसिकता को मुंहतोड़ जवाब दिया है। इसके बाद उनकी जमकर तारीफ की जा रही है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
विकास कुश शर्मा का वीडियो हुआ वायरल
कॉमेडियन विकास कुश शर्मा का इस मामले के बीच एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वो महिलाओं के लिए आपत्तिजनक सोच रखने वाले लोगों को तगड़ा जवाब देते हुए नजर आ रहे हैं। विकास के ही शो के दौरान जब एक शख्स ने शादी के बाद दहेज लेने की बात कही तो इस पर उन्होंने अपने ही अंदाज में जवाब दिया, जिससे उन्होंने इस सोच को खराब बता दिया।
वहीं एक और वीडियो में जहां क्राउड में बैठे एक शख्स ने कहा कि वो शादी के लिए ऐसी लड़की की तलाश में है जो कमाती हो, इस पर विकास ने तुरंत जवाब दिया कि शख्स को खुद ही कमाने पर फोकस कर लेना चाहिए। विकास के दोनों ही वीडियोज पर लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं।
यूजर्स ने की विकास की तारीफ
कॉमेडियन ने जिस तरह से मजाकिया अंदाज में ही शख्स को जवाब दिया वो काफी लोगों को पसंद आया है। कई लोगों ने विकास की तारीफ करते हुए कहा कि महिलाओं के लिए ऐसी सोच रखने वालों को विकास ने बेहतरीन तरीके से जवाब दिया है। एक यूजर ने लिखा- ‘हमे ऐसे ही स्टैंडअप कॉमेडियन्स की जरूरत है जो महिलाओं के प्रति ऐसी सोच रखने वालों को मुंहतोड़ जवाब दें। आप भारत के बेहतरीन कॉमेडियन्स में से एक हो।’

क्या है पूरा विवाद?
ये पूरा विवाद एक कॉमेडी शो के दौरान शुरू हुआ। शो में मौजूद एक युवक ने डेटिंग से जुड़ा एक अनुभव साझा किया। बातचीत के दौरान उसने ऐसा बयान दिया जिसे बड़ी संख्या में लोगों ने महिलाओं के प्रति अपमानजनक और असंवेदनशील बताया। वीडियो क्लिप सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो गई और देखते ही देखते इंटरनेट पर बहस छिड़ गई।


