Parth Samthaan emotional post: मशहूर टीवी अभिनेता पार्थ समथान एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उन्होंने अपने मानसिक स्वास्थ्य को लेकर एक बेहद भावुक पोस्ट शेयर किया है, जिससे उनके फैंस काफी चिंतित हो गए हैं। अभिनेता ने बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से गंभीर मानसिक और इमोशनल उथल-पुथल से गुजर रहे हैं। पार्थ ने लिखा कि ऐसा महसूस हो रहा है जैसे सब कुछ बिखर रहा है। सबसे परेशान करने वाली बात यह है कि वह खुद भी इस स्थिति की वजह समझ नहीं पा रहे हैं। इसी को लेकर उनके फैंस उन्हें डाक्टर के पास जाने की सलाह दे रहे हैं।

पार्थ समथान ने किया पोस्ट
पार्थ समथान ने अपने थ्रेड्स अकाउंट पर बुधवार को एक इमोशनल अपडेट शेयर किया। उन्होंने लिखा, “पिछले 3-4 दिन मेरी हेल्थ (मेंटली और इमोशनली) के मामले में मेरे लिए सबसे बुरे रहे हैं, लगातार आंसू, भारी सांसें, नेगेटिव विचार, ऐसा लगता है जैसे सब कुछ बिखर रहा है… सबसे बुरा यह है.. मैं अभी भी इसका कारण समझ नहीं पा रहा हूं कि ऐसा क्यों हो रहा है।”
पार्थ के इस भावुक अपडेट के बाद उनके फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स लगातार उनके समर्थन में उतर आए हैं। फैंस कमेंट्स के जरिए अभिनेता को हिम्मत दे रहे हैं और खुद का ध्यान रखने की सलाह दे रहे हैं। कई फैंस ने उन्हें थेरेपिस्ट या किसी भरोसेमंद व्यक्ति की मदद लेने का सुझाव दिया। एक फैन ने लिखा कि वह खुद पर भरोसा रखें और हमेशा मुस्कुराते रहें, जबकि दूसरे फैंस ने पार्थ की जल्द बेहतरी के लिए प्रार्थना की बात कही।
‘कैसी ये यारियां’ और ‘कसौटी जिंदगी की 2’ से मिली पहचान
पार्थ समथान भारतीय टेलीविजन इंडस्ट्री के सबसे लोकप्रिय चेहरों में से एक हैं। उन्हें यूथ ड्रामा शो ‘कैसी ये यारियां’ में ‘माणिक मल्होत्रा’ के किरदार से सबसे ज्यादा लोकप्रियता मिली थी, जिसने उन्हें युवाओं के बीच बेहद मशहूर बना दिया। इसके बाद उन्होंने हिट सीरियल ‘कसौटी जिंदगी की 2’ में ‘अनुराग बसु’ की भूमिका निभाई। टेलीविजन के अलावा वे ‘मैं हीरो बोल रहा हूं’ और ‘कहने को हमसफर हैं 2’ जैसी चर्चित वेब सीरीज में भी नजर आ चुके हैं।
‘सहर होने को है’ शो का हैं हिस्सा
पार्थ फिलहाल टीवी शो ‘सहर होने को है’ में ‘माहिद’ का मुख्य किरदार निभा रहे हैं। इस शो में हाल ही में सात साल का लीप आया है, जिसके बाद भाविका शर्मा ने मुख्य भूमिका संभाली है। कुछ समय पहले सेट पर सह-कलाकारों के बीच अनबन की अफवाहें भी सामने आई थीं, हालांकि किसी भी कलाकार ने इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। फिलहाल फैंस अपने पसंदीदा अभिनेता पार्थ समथान के जल्द ठीक होने की उम्मीद कर रहे हैं।


