गोरखपुर में चल रही सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान सोमवार को एक परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन के साथ पकड़ा गया। इसके बाद से जांच करने वाले लोगों पर भी सवाल उठ रहे हैं। युवक मोबाइल फोन को अंडरवियर में छिपाकर परीक्षा कक्ष तक पहुंच गया था। हालांकि परीक्षा शुरू होने के कुछ समय बाद उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद केंद्र प्रशासन ने जांच कर उसे पकड़ लिया। बिहार का रहने वाला है आरोपी पकड़े गए युवक की पहचान बिहार के नालंदा जिले के अस्थावा थाना क्षेत्र के बेलवरिया गांव के रहने वाले रामप्रकाश चौहान के रूप में हुई है। वह गोरखपुर के नीना थापा स्कूल में आयोजित सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल होने आया था। जांच के बावजूद अंदर ले गया मोबाइल परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की जांच की गई थी। इसके बावजूद रामप्रकाश मोबाइल फोन को अंडरवियर में छिपाकर परीक्षा कक्ष तक पहुंचने में सफल हो गया। इसके बाद जांच करने वाले लोगों पर भी सवाल उठा। बताया जा रहा है कि परीक्षा शुरू होने के बाद उसने मोबाइल का इस्तेमाल करने की कोशिश की। ड्यूटी पर तैनात कक्ष निरीक्षकों की नजर उसकी हरकतों पर पड़ी। युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उसकी जांच कराई गई। तलाशी लेने पर उसके पास से मोबाइल फोन बरामद हुआ। मोबाइल मिलने के बाद परीक्षा केंद्र प्रशासन ने तत्काल उसे परीक्षा से बाहर कर दिया। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस घटना की जानकारी मिलते ही एम्स थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर के आधार पर उसके खिलाफ सार्वजनिक परीक्षा में अनुचित साधनों के प्रयोग सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मोबाइल की जांच में जुटी पुलिस पुलिस ने बरामद मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किसी नकल गिरोह के संपर्क में था या फिर उसने खुद ही परीक्षा में अनुचित लाभ लेने की कोशिश की थी। नकल रोकने के लिए प्रशासन सतर्क सिपाही भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन लगातार सतर्कता बरत रहा है। परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था और जांच प्रक्रिया पर भी सवाल उठ रहे हैं कि जांच के बावजूद युवक मोबाइल फोन अंदर ले जाने में कैसे सफल हो गया।


