नए साल की शुरुआत में आम लोगों को राहत देते हुए ग्रीन गैस लिमिटेड ने सीएनजी और पीएनजी की कीमतों में कटौती की है। शनिवार से लखनऊ समेत कई शहरों में सीएनजी 75 पैसे प्रति किलो और घरेलू पीएनजी 50 पैसे प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर सस्ती हो गई है। लखनऊ में सीएनजी 96 और पीएनजी 57 रुपये कटौती के बाद लखनऊ और आगरा में सीएनजी की नई कीमत 96 रुपये प्रति किलो हो गई है। वहीं उन्नाव, अयोध्या और सुल्तानपुर में सीएनजी अब 94.25 रुपये प्रति किलो मिलेगी। घरेलू पीएनजी की बात करें तो लखनऊ और आगरा में इसकी नई दर 57 रुपये प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर तय की गई है। कंपनी का दावा-स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा की ओर कदम ग्रीन गैस लिमिटेड के डीजीएम (मार्केटिंग) प्रवीण सिंह के अनुसार, कंपनी सुरक्षित, स्वच्छ और किफायती ऊर्जा उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता के तहत यह कदम उठा रही है। उनका कहना है कि सीएनजी और पीएनजी दोनों में की गई यह कटौती सीधे तौर पर उपभोक्ताओं को राहत देगी, खासकर उन लोगों को जो रोजमर्रा के परिवहन और घरेलू जरूरतों में गैस का इस्तेमाल करते हैं। उपभोक्ताओं को क्या फायदा कीमतों में इस कमी से न सिर्फ वाहन चालकों का ईंधन खर्च घटेगा, बल्कि घरेलू रसोई गैस पर निर्भर परिवारों के मासिक बजट में भी थोड़ी राहत मिलेगी। नए साल की शुरुआत में आई यह कटौती आम लोगों के लिए एक सकारात्मक संकेत मानी जा रही है।


