Chhattisgarh Innovative Event: नए बस्तर का इनोवेशन इंजन अब स्टार्ट हो चुका है। ऐसे कार्यक्रम युवाओं को इनोवेशन के लिए चार्ज करते हैं। बस्तर में प्रतिभा और संभावनाओं की कोई कमी नहीं है, केवल सही मंच और मार्गदर्शन की जरूरत है। यह बातें मंगलवार को शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय में इनोवेशन महाकुंभ १.० के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कही। उन्होंने आगे कहा कि विकसित बस्तर से होकर गुजरेगा विकसित छत्तीसगढ़ का मार्ग। यह आयोजन युवाओं को नवाचार और उद्यमिता के लिए मजबूत मंच प्रदान कर रहा है।
Chhattisgarh Innovative Event: 10 जिलों में किया जाएगा लागू
उन्होंने बस्तर के समग्र विकास के लिए तैयार रोडमैप का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें रोजगार, शिक्षा, स्टार्टअप और अधोसंरचना का विशेष ध्यान रखा गया है। साथ ही ’’नियद नेल्ला नार योजना’’ का विस्तार कर इसे ’’नियद नेल्ला नार 2.0’’ के रूप में 10 जिलों में लागू किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य में ’’नवाचार और स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति 2025-30’’ लागू की गई है, जिसके तहत युवाओं को आइडिया से लेकर व्यवसाय विस्तार तक आर्थिक और तकनीकी सहायता दी जा रही है। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, विश्वविद्यालय कुलपति, विशेषज्ञ, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
बेस्ट आइडिया और स्टार्टअप को मिला सम्मान
कार्यक्रम में नवाचार करने वाले बेस्ट आइडिया और स्टार्टअप प्रतिभागियों को प्रोत्साहन राशि, प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। इस दौरान वन मंत्री केदार कश्यप ने युवाओं से अपने विचारों को मूर्त रूप देने और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढऩे का आह्वान किया।
बस्तर के युवाओं के लिए नवाचार में अपार संभावनाएं: ओपी चौधरी
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि बस्तर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने बजट में बस्तर के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए हैं, जिससे युवाओं के लिए नए अवसर सृजित होंगे। वित्त मंत्री ने बस्तर के युवाओं से कहा कि वे वन उत्पाद, पर्यटन, कला-संस्कृति और कृषि से जुड़ी गतिविधियों में नवाचार के माध्यम से क्षेत्र का विकास करें। उन्होंने कहा कि बस्तर के युवा समाज निर्माण में अहम भूमिका निभा सकते हैं और आर्थिक रूप से सशक्त बन सकते हैं।
इनोवेटिव इवेंट के पीछे कुलपति प्रो. श्रीवास्तव की सोच
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि बस्तर में पहली बार हुए इस इनोवेटिव इवेंट के पीछे विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव की सोच रही। उन्होंने दो महीने पहले तय किया कि बस्तर में ऐसा आयोजन करना है। इसके बाद उनकी टीम दिन-रात इस कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटी रही। विवि के सभी प्रोफेसरों व अधिकारियों ने आयोजन के लिए परिश्रम किया। बस्तर के युवाओं को पहली बार राष्ट्रीय स्तर का मंच इस आयोजन के जरिए मिल पाया।
Chhattisgarh Innovative Event: उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का दिया संदेश
उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि यह आयोजन युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर देता है। सांसद महेश कश्यप और विधायक किरण देव ने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्टार्टअप और नवाचार के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें।


