Chhattisgarh के वन मंत्री Kedar Kashyap सड़क दुर्घटना में बचे, छह लोग घायल

Chhattisgarh के वन मंत्री Kedar Kashyap सड़क दुर्घटना में बचे, छह लोग घायल

छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में रविवार को एक तेज रफ्तार एसयूवी राज्य के वन मंत्री केदार कश्यप की कार से टकराने के बाद उनके सुरक्षा वाहन से टकरा गया। इस घटना में मंत्री बाल-बाल बचे लेकिन उनके निजी सहायक और चार पुलिसकर्मी समेत छह लोग घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

जिले के भानपुरी थाना के प्रभारी हर्षवर्धन वर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह घटना क्षेत्र के फरसागुड़ा और जुनवाही गांवों के बीच हुई, जिसमें मंत्री के निजी सहायक, चार पुलिसकर्मी और सुरक्षा वाहन के चालक समेत छह लोग घायल हुए हैं। वर्मा ने बताया कि दोपहर में वन मंत्री केदार कश्यप अपने पैतृक गांव फरसागुड़ा से कोंडागांव शहर जा रहे थे। जब वह जुनवाही गांव के करीब पहुंचे तब कोंडागांव से जगदलपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार एसयूवी ने मंत्री की कार को सामने से टक्कर मार दी और बाद में असंतुलित होकर पीछे चल रहे सुरक्षा वाहन से टकरा गया।

उन्होंने बताया कि इस टक्कर से सुरक्षा वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। वर्मा ने बताया कि घटना के बाद घायलों को तत्काल कोंडगांव स्थित जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्टि की है कि मंत्री कश्यप को कोई गंभीर चोट नहीं पहुंची है।

अधिकारियों ने बताया कि घायलों की पहचान मंत्री के निजी सहायक अनुराग शर्मा, सुरक्षा वाहन के चालक सुनील कुमार मौर्य, प्रधान आरक्षक राजेश नेताम और सुकांतिन उसेंडी तथा आरक्षक त्रिलोतमा ध्रुव और नर्मदा मरकाम के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि घायलों में से दो को कोंडागांव जिला अस्पताल में तथा तीन को जगदलपुर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, मंत्री के निजी सहायक शर्मा को बेहतर इलाज के लिए रायपुर भेजा गया है।

अधिकारियों ने बताया कि टक्कर में मंत्री का वाहन और सुरक्षा वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। पुलिस ने एसयूवी के चालक को हिरासत में लिया है तथा उससे पूछताछ की जा रही है। घटना के संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *