बरेली में गैस बुकिंग नियम में बदलाव:अफवाहों के कारण एजेंसियों पर उमड़ी भीड़, आपूर्ति सामान्य

बरेली में गैस बुकिंग नियम में बदलाव:अफवाहों के कारण एजेंसियों पर उमड़ी भीड़, आपूर्ति सामान्य

बरेली शहर में मंगलवार को रसोई गैस बुकिंग नियमों में बदलाव के कारण अचानक हलचल मच गई। सोशल मीडिया और मौखिक अफवाहों के चलते कई लोग गैस एजेंसियों की ओर दौड़ पड़े। हालांकि, एजेंसियों पर पता चला कि गैस की कोई कमी नहीं है और न ही आपूर्ति रुकी है, बल्कि केवल बुकिंग के नियम में बदलाव किया गया है। नए नियम के अनुसार, उपभोक्ता अब पिछली डिलीवरी के 25 दिन बाद ही नया सिलेंडर बुक कर सकेंगे। इससे पहले की तारीख में की गई बुकिंग स्वतः रद्द हो जाएगी। इस बदलाव की पूरी जानकारी लोगों तक न पहुंचने के कारण “गैस खत्म होने” की अफवाह फैल गई। गैस एजेंसी पहुंचे ग्राहक दिव्यतोष ने बताया कि उन्हें भी गैस की कमी की अफवाह सुनने को मिली थी, जिसके बाद वे जानकारी लेने आए। एक अन्य ग्राहक के.के. जैन ने कहा कि वे यह समझने आए थे कि अब गैस कैसे मिलेगी, और एजेंसी में उन्हें पता चला कि समस्या आपूर्ति की नहीं, बल्कि बुकिंग के समय की है। एजेंसी के कर्मचारी अनिल कुमार ने बताया कि दिन भर लोग यही पूछने आते रहे कि गैस कितने दिन में बुक होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पहले कई लोग 8-15 दिन में ही दोबारा बुकिंग कर देते थे, लेकिन अब यह अंतराल बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है। एजेंसी से जुड़े शक्ति सिंह ने उपभोक्ताओं से अफवाहों पर ध्यान न देने और धैर्य बनाए रखने की अपील की। उन्होंने आश्वस्त किया कि गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और स्टॉक भी पर्याप्त है। कंपनी व्यवस्थित तरीके से काम कर रही है, इसलिए घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *