CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग: 5 वामपंथी छात्र संगठन 10 अक्टूबर को Delhi में करेंगे प्रदर्शन

CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग: 5 वामपंथी छात्र संगठन 10 अक्टूबर को Delhi में करेंगे प्रदर्शन

नयी दिल्ली, छह अक्टूबर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को वापस लेने की मांग को लेकर पांच वामपंथी छात्र संगठन 10 अक्टूबर को यहां जंतर-मंतर पर होने वाले विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे। यह जानकारी मंगलवार को जारी एक संयुक्त बयान में दी गई। बयान में स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई), ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ), ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (एआईएसए), प्रोग्रेसिव स्टूडेंट्स यूनियन (पीएसयू) और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स ब्लॉक (एआईएसबी) ने कहा कि वे बड़ी संख्या में इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे।

बयान में कहा गया, ‘‘सामाजिक-सांस्कृतिक पृष्ठभूमि और राजनीतिक संबद्धता से परे हजारों लोग उन लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट हुए हैं, जिनके आधार पर आधुनिक भारत की परिकल्पना की गई थी।’’
छात्र संगठनों ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग और उसके कामकाज के ख़िलाफ हो रहे प्रदर्शनों पर दिल्ली पुलिस बल का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘प्रदर्शनकारियों के साथ दिल्ली पुलिस दुर्व्यवहार कर रही है, उन पर लाठीचार्ज कर रही है, उन्हें घसीट रही है, मारपीट कर रही है और उनके साथ बदसलूकी कर रही है। पत्रकारों को भी नहीं बख्शा जा रहा है।’’
छात्र संगठनों ने कहा कि वे व्यापक आंदोलन खड़ा करने के लिए एकजुट हो रहे हैं।

उन्होंने लोकतांत्रिक संगठनों तथा संविधान के मूल्यों में विश्वास रखने वाले लोगों से 10 अक्टूबर के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके खिलाफ मुकदमा चलाने, एसआईआर प्रक्रिया रद्द करने तथा निर्वाचन आयोग में सुधार की मांग कर रहे हैं। यह बयान एसएफआई के महासचिव सृजन भट्टाचार्य, एआईएसएफ के महासचिव दिनेश श्रीरंगराजन, एआईएसए के महासचिव प्रसेनजीत कुमार, पीएसयू के महासचिव बालाराम सजीव और एआईएसबी के संयोजक अमित सिंह ने जारी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *