लखनऊ में कक्षा-9 की छात्रा सड़क के किनारे खून से लथपथ मिलने के मामले में सीसीटीवी सामने आया है। जिसमें छात्रा दोस्तों के साथ बाइक पर जाते दिख रही है। उसी के बाद हादसा हो गया। गंभीर हालत में उसे SGPGI के ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू में भर्ती कराया गया। जहां 6 दिन से उसका इलाज चल रहा है। उसे अब तक होश नहीं आया है। इस दौरान पुलिस ने भी एक मिसाइल पेश की छात्रा के इलाज में दो यूनिट ब्लड की जरूरत थी। जिसमें इंस्पेक्टर पीजीआई धीरेंद्र कुमार सिंह और उनके हमराही शिवम ने रक्तदान किया। घटना पीजीआई थाना क्षेत्र में शहीद पथ पर नीलमथा की है। छात्रा की पहचान रजनीखंड, आशियाना निवासी मानसी के रूप में हुई है। वह 25 दिसंबर को दोस्तों के साथ क्रिसमस सेलिब्रेट करने निकली थी। कुछ देर बाद उसके दोस्तों ने घरवालों को कॉल करके बताया कि रोड एक्सीडेंट हो गया है। इसमें मानसी घायल हो गई है। घटना के बाद से उसके 2 दोस्त फरार हो गए थे। अब विस्तार से पढ़िए घटनाक्रम… दोस्त ने बहनों के साथ ले जाने की बात की रजनीखंड आशियाना में नीतू सिंह परिवार के साथ रहती हैं। वह एक दुकान में काम करती हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी मानसी प्राइवेट स्कूल में 9वीं की छात्रा है। 25 दिसंबर को उसके साथ में पढ़ने वाले निखिल का कॉल आया। उसने कहा कि मानसी को घूमने भेज दीजिए। वह अपनी बहनों के साथ जा रहा है। उन्होंने मना किया, तो दूसरी दोस्त शीजा श्रीवास्तव ने कॉल किया। उसने बोला- मैं, आइबा खान और मानसी भी जा रहे हैं। इसके बाद वह मानसी को अपने साथ लेकर चली गई। बहाने से लुलु मॉल ले गए दोस्त नीतू सिंह ने बताया कि बेटी के सभी दोस्त आलमबाग फीनिक्स प्लासियो मॉल ले जाने की बात कहकर निकले, लेकिन बहाने से लुलु मॉल लेकर चले गए। वहां पर रुशील नाम का लड़का मिला। शीजा और मानसी उसके साथ हो गई। निखिल और आइबा खान एक गाड़ी में हो गए। इसके बाद सभी विश्वनाथ एकेडमी स्कूल की तरफ गए। अंतिम बार बेटी से बात हुई तो बोली- आ रही हूं नीतू सिंह ने बताया कि देर होने की वजह से उन्होंने बेटी को कॉल किया। कई कॉल के बाद फोन नहीं उठा। बाद में कॉल रिसीव हुई तो मानसी ने बताया कि सब लुलु मॉल ले आए हैं। जल्द आ रहे हैं। इसके 10 मिनट बाद ही शीजा ने कॉल करके बताया कि एक्सीडेंट हो गया है। मानसी और रुशील की हालत गंभीर है। आनन-फानन SGPGI पहुंचीं। मालूम हुआ कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने मानसी को कार से अस्पताल पहुंचाया है। उसका ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू में उपचार चल रहा है। नीतू सिंह ने बताया कि 6 दिन से बेटी को होश नहीं आया है।


