हाईवे पर कार ने बाइक को मारी टक्कर:3 भाईयों की मौत, भोपाल से लौटते समय हुआ हादसा

हाईवे पर कार ने बाइक को मारी टक्कर:3 भाईयों की मौत, भोपाल से लौटते समय हुआ हादसा

ललितपुर में सोमवार को नेशनल हाईवे-44 पर हुए एक सड़क हादसे में तीन भाइयों की मौत हो गई। कस्बा बांसी के पास एक तेज रफ्तार बोलेरो कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। ये तीनों भाई भोपाल से ट्रेन से लौटकर अपने घर जा रहे थे। मृतकों की पहचान ग्राम लड़वारी, थाना बार निवासी 40 वर्षीय जसरथ, उनके बड़े भाई 42 वर्षीय नाथूराम और चचेरे भाई 36 वर्षीय जगदीश के रूप में हुई है। ये तीनों रविवार को मध्य प्रदेश के भोपाल गए थे और अपनी मोटरसाइकिल ललितपुर रेलवे स्टेशन पर छोड़कर ट्रेन से यात्रा की थी। सोमवार सुबह तीनों भोपाल से ट्रेन द्वारा ललितपुर लौटे। रेलवे स्टेशन से अपनी मोटरसाइकिल लेकर वे अपने पैतृक गांव लड़वारी की ओर जा रहे थे। नेशनल हाईवे-44 पर थाना जखौरा के कस्बा बांसी में पुलिस चौकी और पेट्रोल पंप के बीच पहुंचते ही एक तेज रफ्तार बोलेरो कार ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को मेडिकल कॉलेज ललितपुर पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। चिकित्सकों ने जांच के बाद जसरथ को मृत घोषित कर दिया। जगदीश और नाथूराम की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। झांसी से भी उनकी हालत गंभीर बनी रहने पर उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया। ग्वालियर ले जाते समय जगदीश ने रास्ते में दम तोड़ दिया। नाथूराम को ग्वालियर में भर्ती कराया गया, जहां दोपहर करीब 3-4 बजे इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *