Burns and Scalds: जलने या गर्म पानी से झुलसने पर क्या करना चाहिए, NHS से जानें कब डॉक्टर के पास जाना चाहिए

Burns and Scalds: जलने या गर्म पानी से झुलसने पर क्या करना चाहिए, NHS से जानें कब डॉक्टर के पास जाना चाहिए

Burns and Scalds: किचन में चाय बनाते-बनाते अचानक गर्म पानी हाथ पर गिर जाना, या खाना बनाते वक्त उबलते तेल के छींटे पड़ जाना, ऐसी घटनाएं हम सबके घरों में कभी न कभी जरूर होती हैं। कई बार जरा सी भी नजर चूकी नहीं कि हाथ या पैर झुलस जाते हैं। जलने (Burns) या गर्म पानी/भाप से झुलसने (Scalds) के बाद के शुरुआती 20-30 मिनट बहुत नाजुक होते हैं। अगर उस वक्त हम सही फर्स्ट ऐड दे दें, तो न सिर्फ फफोले पड़ने से बच सकते हैं, बल्कि त्वचा को किसी बड़े नुकसान और इंफेक्शन से भी बचाया जा सकता है। जलने के तुरंत बाद आप क्या कदम उठाते हैं, वही तय करता है कि घाव कितनी जल्दी भरेगा। तो आइए जानते हैं कि ऐसे में तुरंत क्या करना चाहिए।

सबसे पहले क्या करना चाहिए?

ब्रिटेन की एनएचएस (NHS) के अनुसार, बिना घबराए और हड़बड़ाए तुरंत इन बातों पर अमल करें:

1. गर्मी से तुरंत दूर हटें- जिस चीज से त्वचा जली है चाहे वो गर्म पानी हो, आग, कोई केमिकल या बिजली का तार मरीज को सबसे पहले उस जगह से हटाकर सुरक्षित जगह बैठाएं।

2. 20 मिनट तक बहता पानी डालें- जले हुए हिस्से पर तुरंत नल का सामान्य बहता हुआ पानी (Running Water) डालें। पानी न तो एकदम बर्फ जैसा ठंडा होना चाहिए और न ही उसमें बर्फ का टुकड़ा डालें। सामान्य पानी को कम से कम 20 मिनट तक त्वचा पर बहने दें। इससे त्वचा के अंदर रुक गई गर्मी शांत होती है।

3. कपड़े और गहने उतार लें- जले हुए हिस्से के आसपास अगर कोई अंगूठी, घड़ी, चूड़ी या कसा हुआ कपड़ा हो तो उसे तुरंत उतार दें। बाद में सूजन आने पर इन्हें निकालना बहुत दर्दनाक हो जाता है। अगर कोई कपड़ा जलकर त्वचा से चिपक गया हो, तो उसे खींचकर निकालने की गलती न करें।

4. मरीज के शरीर को गर्म रखें- हमें सिर्फ जले हुए हिस्से को ठंडा करना है, मरीज के पूरे शरीर को नहीं। अगर आप पूरे शरीर पर ठंडा पानी डाल देंगे तो मरीज का तापमान गिर सकता है और उसे हाइपोथर्मिया हो सकता है। इसलिए बाकी शरीर को कंबल या चादर से ढककर रखें।

5. साफ प्लास्टिक रैप (क्लिंग फिल्म) से ढकें- त्वचा जब ठंडी हो जाए, तो घाव पर साफ क्लिंग फिल्म (खाना पैक करने वाली प्लास्टिक रैप) या कोई साफ-सूखा कपड़ा हल्के से रख दें। क्लिंग फिल्म की खासियत यह है कि यह घाव पर चिपकती नहीं है और हवा में मौजूद बैक्टीरिया को अंदर नहीं जाने देती।

जलने पर ये गलतियां करने से बचना चाहिए

  • बर्फ कभी न लगाएं।
  • टूथपेस्ट, तेल या देसी घी न लगाएं।
  • फफोले (छाले) न फोड़ें।
  • रुई (Cotton) का इस्तेमाल न करें।

डॉक्टर के पास कब जाना जरूरी है?

ऑस्ट्रेलिया की सरकारी हेल्थ एजेंसी Healthdirect की गाइडलान के अनुसार, हर घाव का इलाज घर पर संभव नहीं है। अगर ऐसी स्थिति हो तो बिना देर किए अस्पताल भागें;

  • जला हुआ हिस्सा मरीज की हथेली के साइज से बड़ा है।
  • जलने का असर चेहरे, गले, हाथ, पैर या गुप्त अंगों पर हुआ है।
  • त्वचा सफेद, काली, झुलसी हुई दिख रही है या वहां बिल्कुल दर्द का अहसास नहीं हो रहा (यह गंभीर थर्ड-डिग्री बर्न हो सकता है)।
  • मरीज कोई छोटा बच्चा (5 साल से कम), बुजुर्ग या गर्भवती महिला है।
  • जलने की वजह कोई रसायन (Chemical) या बिजली का करंट है।

दर्द में राहत के लिए क्या करें?

अगर जलन या दर्द ज्यादा हो रहा है, तो डॉक्टर से पूछकर पैरासिटामोल या इबुप्रोफेन जैसी दर्द निवारक दवा ली जा सकती है। अगर केमिकल से हाथ जला है, तो उसे कम से कम 20-25 मिनट तक लगातार पानी से धोते रहें और तुरंत इमरजेंसी में जाएं। जलने या झुलसने पर सही समय पर दिया गया प्राथमिक उपचार ही सबसे बड़ा बचाव है। घबराने या घरेलू नुस्खे आजमाने के बजाय तुरंत 20 मिनट तक बहते पानी का इस्तेमाल करें और जरूरत पड़ने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *