BTSC Dairy Field Officer Vacancy: Bihar Technical Service Commission ने डेयरी टेक्नोलॉजी की पढ़ाई कर चुके युवाओं के लिए भर्ती का अवसर जारी किया है। जो अभ्यर्थी सरकारी नौकरी की तैयारी में जुटे हैं, उनके लिए यह एक अच्छा मौका माना जा रहा है। इस भर्ती के माध्यम से डेयरी अधिकारी के पदों पर भर्ती की जाएगी। इच्छुक उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट btsc.bihar.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की आखिरी तारीख 13 मार्च तय की गई है। इस भर्ती के माध्यम से 68 पदों पर भर्ती की जाएगी।
BTSC Dairy Field Officer Vacancy: शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
इस पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी के पास किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी या संस्थान से बीटेक (डेयरी टेक्नोलॉजी) या बीएससी (डेयरी टेक्नोलॉजी) की डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा, जिन उम्मीदवारों ने आईडीडी (डीटी/डीएच) के साथ एटीडी एसोसिएटेड सर्टिफिकेट हासिल किया है और उनके पास दो साल का कार्य अनुभव है, वे भी आवेदन कर सकते हैं। भर्ती में आवेदन के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष रखी गई है। अधिकतम आयु वर्ग के अनुसार अलग-अलग तय की गई है। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु 37 वर्ष है। पिछड़ा वर्ग, अत्यंत पिछड़ा वर्ग और महिला उम्मीदवारों के लिए यह सीमा 40 वर्ष है। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए अधिकतम आयु 42 वर्ष निर्धारित की गई है। सरकारी नियमों के तहत आरक्षित वर्गों को आयु में छूट भी दी जाएगी।
BTSC Dairy Field Officer Salary: चयन प्रक्रिया और सैलरी
उम्मीदवारों का चयन मुख्य रूप से लिखित परीक्षा के जरिए किया जाएगा। परीक्षा में मिले अंकों के साथ संबंधित क्षेत्र में अनुभव को भी महत्व दिया जाएगा। आयोग द्वारा तैयार की गई मेरिट लिस्ट के आधार पर ही अंतिम चयन होगा। चयनित अभ्यर्थियों को 9300 रुपये से 34,800 रुपये तक वेतन मिलेगा। इसके साथ 4200 रुपये ग्रेड पे (पे लेवल-6) दिया जाएगा। इसके अलावा राज्य सरकार के नियमों के अनुसार अन्य भत्ते और सुविधाएं भी मिलेंगी।


