BRICS Summit: चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए शनिवार को नई दिल्ली पहुंचे। यह लगभग सात वर्षों में उनकी भारत की पहली यात्रा है। 12-13 सितंबर को नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का आयोजन हो रहा है। यह 2020 के गलवान संघर्ष के बाद शी जिनपिंग का पहला भारत दौरा है और दोनों देशों के बीच पिछले कुछ समय से जारी राजनयिक सुधार की प्रक्रिया के लिहाज से इसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की भारत आगमन को लेकर सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं। उनके दौरे से पहले चीन से उनकी खास होंगकी स्टेट लिमोजिन, बैकअप कार और कम्युनिकेशन उपकरण भारत पहुंचाए गए हैं। इतना ही नहीं, चीनी अधिकारियों ने शी के स्टाफ को किचन तक जाने की इजाजत मांगी है, ताकि राष्ट्रपति को परोसे जाने वाले खाने को पहले चखा और जांचा जा सके। होटल से लेकर जमीन के नीचे पाइपलाइन नेटवर्क तक की सुरक्षा जांच की गई है।
दौरे से 10 दिन पहले ही दिल्ली पहुंच गया था चीन का कार्गो प्लेन
शी जिनपिंग के आने से 10 दिन पहले ही चीन ने अपनी खास सामग्री से भरा एक कार्गो विमान दिल्ली भेज दिया था। इसमें उनकी आधिकारिक बुलेटप्रूफ गाड़ी ‘होंगकी’, एक बैकअप कार और संचार उपकरण शामिल हैं। हालांकि भारत के कड़े नियमों के तहत सैटेलाइट संचार और भारी हथियारों (जैसे सब-मशीन गन व एंटी-ड्रोन सिस्टम) पर तो पाबंदी रखी गई है और चीनी दल को केवल आवश्यक पिस्तौल लाने की अनुमति मिली है।
किचन में रहेगा चीनी स्टाफ, खाने की होगी स्पेशल टेस्टिंग
शी जिनपिंग के खाने-पीने को लेकर भी बेहद सतर्कता बरती जा रही है। चीनी अधिकारियों के अनुरोध पर उनके स्टाफ को होटल के किचन तक जाने की इजाजत दी गई है। राष्ट्रपति को परोसे जाने वाले व्यंजनों को पहले उनके फूड टेस्टर चखेंगे, ताकि खाने का स्वाद और सुरक्षा पूरी तरह तय हो सके। इस बार भी खाना मुख्य रूप से शाकाहारी रहने की उम्मीद है।
नो-फ्लाई जोन और जमीन के नीचे भी कड़ी निगरानी
चीन की ओर से छोटे ड्रोन, गुब्बारों और बैनरों के जरिए संभावित विरोध प्रदर्शनों को लेकर जताई गई चिंता के बाद सुरक्षा बलों ने होटल के आसपास अस्थायी ‘नो-फ्लाई जोन’ घोषित कर दिया है। इसके अलावा एंटी-टेरर स्कॉड, बायोलॉजिकल और केमिकल खतरों की जांच करने वाली टीमें तैनात की गई हैं। यहां तक कि होटल के नीचे से गुजरने वाले सीवर और पाइपलाइन नेटवर्क की भी बारीकी से जांच की गई है।
पीएम मोदी से मुलाकात और ब्रिक्स सम्मेलन
शी जिनपिंग शनिवार दोपहर 67 सदस्यीय बड़े प्रतिनिधिमंडल के साथ दिल्ली पहुंचेंगे। इस दल में राजनीतिक हस्तियां, राजनयिक, सुरक्षा अधिकारी और मेडिकल टीम शामिल है। ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के अलावा शी जिनपिंग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे और स्पेशल स्टेट डिनर में शामिल होंगे। इसके बाद रविवार सुबह 11 बजे वे वापस लौट जाएंगे।

