BJP को हटाने के लिए 2029 तक रुकने की जरूरत नहीं, बोलीं Mamata Banerjee

BJP को हटाने के लिए 2029 तक रुकने की जरूरत नहीं, बोलीं Mamata Banerjee

(तस्वीरों सहित)
नयी दिल्ली, एक अक्टूबर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनका मानना है कि भारतीय जनता पार्टी इस बार जाएगी और विपक्ष को 2029 के लोकसभा चुनाव तक इंतजार करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने विपक्षी इंडिया गठबंधन से एकजुट होकर लड़ने का आह्वान किया। बनर्जी की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब विपक्षी गठबंधन ने एक दिन पहले दिल्ली में साढ़े तीन घंटे बैठक की और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर निर्वाचन आयोग (ईसी) के खिलाफ संयुक्त कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया।

इसमें देशभर में लोकतंत्र बचाओ कार्यक्रम आयोजित करना, छह अक्टूबर को विपक्षी सांसदों द्वारा निर्वाचन आयोग के कार्यालय तक मार्च निकालना और राष्ट्रपति से मुलाकात का समय मांगना शामिल है। बनर्जी ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, हमें विश्वास है कि इस बार भाजपा जाएगी और हमें 2029 तक इंतजार करने की जरूरत नहीं है। देखिए क्या होता है।

खेल शुरू हो चुका है। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष को फिलहाल निर्वाचन आयोग के कामकाज सहित तत्काल राजनीतिक लड़ाई पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए और मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा, वे निर्वाचन आयोग के जरिये ताकत के दम पर उपचुनाव जीत सकते हैं, लेकिन इससे ज्यादा कुछ नहीं।

सबसे पहले ज्ञानेश कुमार (मुख्य निर्वाचन आयुक्त) को जाना चाहिए। वैनिश कुमार ने लोकतंत्र को गायब कर दिया है। दूसरा, चुनाव प्रणाली में सुधार किया जाना चाहिए।

सभी को मिलकर लड़ना चाहिए। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों के बारे में टीएमसी प्रमुख ने कहा, पिछली बार भी उन्होंने (भाजपा ने) हेरफेर करके जीत हासिल की। उन्हें बहुमत नहीं मिला था।

इसके बाद उन्होंने कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य जल्द बदल सकता है, लेकिन उन्होंने यह स्पष्ट किया कि वह कोई निश्चित समयसीमा नहीं बता रही हैं। बनर्जी ने कहा, देखिए यह कितने समय तक चलेगा। दो महीने, तीन महीने, छह महीने।

मैं ज्योतिषी नहीं हूं। लेकिन मुझे लगता है कि बहुत जल्द आपको अच्छी खबर मिलेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि विपक्ष की रणनीति पर फैसले सामूहिक रूप से लिए जाएंगे और टीएमसी इंडिया गठबंधन में बनी रहेगी।

उन्होंने कहा, हम इंडिया गठबंधन के साथ हैं और गठबंधन जो भी फैसले करेगा, हम परिवार की तरह उनका सम्मान करेंगे और एकजुट होकर मिलकर काम करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *