जयपुर के इन इलाकों में सोमवार को नहीं मिलेगा बीसलपुर का पानी, जानें कारण

जयपुर के इन इलाकों में सोमवार को नहीं मिलेगा बीसलपुर का पानी, जानें कारण

Water supply affected: जयपुर शहर के परकोटा क्षेत्र में रविवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह 11 बजे तक चार चौकड़ियों और पुरानी बस्ती इलाके में बीसलपुर पानी की आपूर्ति प्रभावित रहेगी। जलदाय विभाग जौहरी बाजार में बीसलपुर सिस्टम की ट्रांसफर मैन पाइप लाइन पर 700 एमएम का नया वॉल्व लगाने का काम करेगा। ऐसे में परकोटा क्षेत्र की चौकड़ी तोपखाना देश, चौकड़ी तोपखाना हजूरी, चौकड़ी गंगापोल, चौकड़ी पुरानी बस्ती में पानी की सप्लाई नहीं होगी।

इन इलाकों में सुबह जलापूर्ति प्रभावित

उत्तर सर्कल के अधीक्षण अभियंता एसएस राठौड़ ने बताया कि प्रभावित चार चौकड़ियों में पानी की सप्लाई नहीं होगी। वहीं, 11 बजे बाद चौकड़ी मोदीखाना, चौकड़ी विश्वेश्वर व चौकडी सरहद में 20 से 25 मिनट की देरी से सप्लाई शुरू हो सकती है। वॉल्व बदलने के बाद सभी चौकडियों में पानी की अतिरिक्त सप्लाई की जाएगी। राठौड़ ने अपील करते हुए कहा कि उपभोक्ता अपनी पेयजल जरूरतों के हिसाब से पानी एकत्रित कर लें।

परकोटा क्षेत्र में तीन वक्त जलापूर्ति

जलदाय विभाग शहर के परकोटा क्षेत्र में सुबह, दोपहर और शाम के वक्त जलापूर्ति करता है। रविवार रात को जौहरी बाजार में बीसलपुर सिस्टम की ट्रांसफर मेन पाइप लाइन पर 700 एमएम का नया वॉल्व लगाने का काम शुरू होगा जो सोमवार सुबह तक चलेगा।

ऐसे में चारों चौकड़ियों और पुरानी बस्ती इलाके में जहां सुबह की जलापूर्ति है वहां सोमवार शाम को विभाग अतिरिक्त जलापूर्ति करेगा। बताया जा रहा है कि करीब 25 हजार से ज्यादा आबादी को सोमवार सुबह की रूटीन जलापूर्ति नहीं मिलेगी। ऐसे में विभाग ने संबंधित क्षेत्र के लोगों से रविवार को पानी का ​अति​रिक्त स्टोरेज करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *