Bilaspur Horror: कोटा रोड पर भूत बनकर लोगों को डराते थे बच्चे, मोबाइल में बनता था पूरा वीडियो

Bilaspur Horror: कोटा रोड पर भूत बनकर लोगों को डराते थे बच्चे, मोबाइल में बनता था पूरा वीडियो

Bilaspur Horror: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रात के समय राहगीरों को भूत बनकर डराने का मामला सामने आया है। सकरी क्षेत्र के चोरभट्टी में कुछ नाबालिग बच्चे कोटा रोड पर रात में भूत बनकर राहगीरों के सामने अचानक पहुंचते थे। उनकी हरकत से कई लोग डर जाते थे। वहीं, बच्चों का एक साथी मोबाइल से इसका वीडियो बनाता था। गांव वालों ने बच्चों को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और पूछताछ की। बच्चों ने बताया कि वे लोगों को डराकर वीडियो बनाने के लिए ऐसा करते थे। पुलिस ने स्वजन और ग्रामीणों की मौजूदगी में उन्हें समझाइश दी।

Bilaspur Ghost Prank: डायल 112 को मिली थी सूचना

सकरी थाना प्रभारी उमेश साहू के मुताबिक, डायल 112 पर सूचना मिली थी कि कोटा रोड पर कुछ लोग भूत बनकर राहगीरों को डरा रहे हैं। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। वहां गांव के लोगों ने कुछ नाबालिगों को पकड़ रखा था। बच्चों के स्वजन भी मौके पर मौजूद थे।

भूत बनकर अचानक सामने आते थे बच्चे

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि बच्चे लोगों को डराने और उसका वीडियो बनाने के लिए भूत बनकर सड़क पर पहुंचते थे। वे अचानक राहगीरों के सामने आ जाते थे, जिससे लोग घबरा जाते थे। बच्चों का एक साथी मोबाइल से इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाता था।

सभी नाबालिग, गांव वालों ने पकड़ा

पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि इस हरकत में शामिल सभी बच्चे नाबालिग हैं। उनकी गतिविधियों से परेशान होकर गांव के लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और पुलिस को इसकी जानकारी दी। मौके पर बच्चों के स्वजन भी पहुंच गए थे।

थाने में दर्ज नहीं हुई शिकायत

डायल 112 की टीम ने गांव वालों से मामले की शिकायत थाने में करने के लिए कहा, लेकिन घटना में नाबालिगों के शामिल होने और मामला गांव का होने के कारण किसी ने औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई। इसके बाद पुलिस ने बच्चों के स्वजन और गांव वालों की मौजूदगी में उन्हें समझाइश दी और दोबारा ऐसी हरकत नहीं करने की हिदायत दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *