रुनीजा में दो बाइक की टक्कर, रतलाम के युवक की मौत, तीन घायल

रुनीजा में दो बाइक की टक्कर, रतलाम के युवक की मौत, तीन घायल

रतलाम। उज्जैन जिले के रुनीजा क्षेत्र के सुन्दराबाद चौपाटी के पास रविवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला सहित तीन लोग घायल हो गए।

डायल 112 में पदस्थ भाटपचलाना थाना के आरक्षक बाबूलाल प्रजापत ने बताया कि दुर्घटना की सूचना के बाद वे पायलट गोपाल कुमावत के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत बड़नगर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान गोपाल सोनार्थी (पिता जगदीश सोनार्थी), निवासी कोठड़ी, थाना बिलपांक, जिला रतलाम के रूप में हुई है, जिनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। दूसरी बाइक क्रमांक एमपी 09 एएम 2008 पर सवार समीर पटेल (निवासी गुणावद) और उनके पीछे बैठी एक महिला घायल हो गए। समीर पटेल के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है, वहीं महिला के पैर में फ्रैक्चर बताया जा रहा है। दूसरी बाइक क्रमांक एमपी 43 डी क्यू 1504 पर बाबूलाल पिता मांगू वसुनिया (उम्र 70 वर्ष) सवार थे, जो इस हादसे में घायल हुए हैं। बाबूलाल के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

आए दिन होती यहां दुर्घटनाएं

पुलिस के अनुसार यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती है। इसको रोकने के उपाय पर काम किया जा रहा है। उज्जैन और रतलाम की संयुक्त पुलिस इसके लिए साझा योजना बना रही है, जिससे भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके, हालांकि फिलहाल इस प्रकार के उपाय तुरंत लागू नहीं होने से दुर्घटनाओं का क्रम जारी है। कुछ दिन पूर्व भी इसी प्रकार की दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो चुकी है, इसके बाद भी अब तक पुलिस सिर्फ योजना बनाने की बात कह रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *