मेहंदीपुर बालाजी से बड़ी खबर: आरती करने जा रही महिला से झपट्टा मार ले गए सोने के टॉप्स, लहूलुहान हालत में फूट-फूटकर रोई

मेहंदीपुर बालाजी से बड़ी खबर: आरती करने जा रही महिला से झपट्टा मार ले गए सोने के टॉप्स, लहूलुहान हालत में फूट-फूटकर रोई

Mehandipur Balaji Temple: दौसा: राजस्थान के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मेहंदीपुर बालाजी में पिछले कुछ दिनों से घट रही आपराधिक घटनाओं ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे मंदिर परिसर के पास एक महिला श्रद्धालु के साथ दिनदहाड़े छीनाझपटी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश से अपने परिजनों के साथ दर्शन करने आई एक महिला श्रद्धालु मंगलवार सुबह आरती के समय मंदिर की ओर जा रही थी। उदयपुरा तिराहे के पास अज्ञात बदमाशों ने महिला को निशाना बनाया और उसके कान के सोने के टॉप्स झपटकर फरार हो गए।

बता दें कि अचानक हुई इस वारदात से महिला सहम गई और फूट-फूट कर रोने लगी। मौके पर मौजूद भीड़ ने महिला को संभाला, लेकिन तब तक आरोपी रफूचक्कर हो चुके थे। शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

नो एंट्री में घुसी थी बस, विरोध करने पर श्रद्धालुओं को पीटा

इस घटना से पहले मेहंदीपुर बालाजी में ही एमएनपी पब्लिक स्कूल के पास एक और शर्मनाक घटना घटी थी। रात करीब नौ बजे दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं की कार को ‘नो एंट्री’ में घुसी एक स्लीपर बस ने टक्कर मार दी।

जब श्रद्धालुओं ने इसका विरोध किया तो बस चालक और उसके साथियों ने गुंडागर्दी पर उतारू होकर श्रद्धालुओं के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस मारपीट में हमलावरों ने महिलाओं तक को नहीं बख्शा। धक्का-मुक्की और मारपीट में कई श्रद्धालु घायल हुए थे।

पुलिस की कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए मेहंदीपुर बालाजी थानाधिकारी गौरव प्रधान ने बताया था कि घटना में शामिल बस को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस वायरल वीडियो के जरिए अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है।

श्रद्धालुओं में भय का माहौल

लगातार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय लोगों और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं में भय का माहौल है। आस्था के केंद्र पर इस तरह की असुरक्षा प्रशासन की मुस्तैदी पर बड़ा सवालिया निशान लगाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *