MP News: मप्र लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) ने आगामी भर्ती परीक्षाओं का संशोधित कार्यक्रम (MPPSC Exam calendar) जारी कर दिया है। अब जुलाई से नवंबर तक होने वाली विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तारीखें स्पष्ट हो गई है, जिससे प्रदेशभर के अभ्यर्थियों को तैयारी की नई दिशा मिल गई है। सबसे पहले 17 मई को सहायक कुलसचिव भर्ती परीक्षा होगी। इस परीक्षा के जरिए कुल 12 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें सामान्य वर्ग के लिए 4, ओबीसी के लिए 3, एससी और एसटी वर्ग के लिए 2-2 तथा ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 1 पद आरक्षित रखा है। परीक्षा में करीब 12 हजार अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। इसके लिए इंदौर, भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर में परीक्षा केंद्र बनाए है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा ऑफलाइन मोड में ओएमआर शीट पर होगी। दो प्रश्नपत्र लिए जाएंगे और गलत उत्तर पर नेगेटिव मार्किंग भी रहेगी। अभ्यर्थियो को परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटा पहले केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए है। निर्धारित समय के बाद पहुंचने वालों को प्रवेश नहीं मिलेगा। 20 सितंबर को सहायक नगर नियोजक और विशेषज्ञ आयुर्वेद परीक्षा भी प्रस्तावित है। इसके अलावा 27 सितंबर को राज्य वन सेवा मुख्य परीक्षा, 4 अक्टूबर को आंतरिक लेखा परीक्षण अधिकारी परीक्षा और 18 अक्टूबर को सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी परीक्षा होगी। इसी दिन सहायक प्राध्यापक परीक्षा के चौथे चरण में दो विषयों की परीक्षा भी कराई जाएगी। नवंबर में भी दो महत्वपूर्ण परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। 22 नवंबर को सहायक संचालक किसान कल्याण परीक्षा तथा वैज्ञानिक अधिकारी के तीन पदों के लिए भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी। नई समय-सारणी जारी होने के बाद रहे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर अभ्यर्थियों ने फिर से रणनीति तय करना शुरू कर दी है।
12 जुलाई से 12 दिसंबर तक कई परीक्षाएं
संशोधित कैलेंडर के अनुसार 12 जुलाई को सहायक प्राध्यापक परीक्षा 2025 के पहले चरण में छह विषयों की परीक्षा होगी। इसके बाद 2 अगस्त को दूसरे चरण की सहायक प्राध्यापक परीक्षा के साथ पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ परीक्षा भी आयोजित की जाएगी। 30 अगस्त को सहायक प्राध्यापक परीक्षा के तीसरे चरण में पांच विषयों की परीक्षा होगी। 7 से 12 सितंबर तक राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2026 आयोजित की जाएगी।
सहायक प्राध्यापक भर्ती ने बढ़ाई विद्यार्थियों की चिंता
मप्र लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) की सहायक प्राध्यापक भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होते ही डीएवीवी के विद्यार्थियों की चिंता बढ़ गई है। एमए हिस्ट्री चौथे सेमेस्टर के कई विद्यार्थी विवि पहुंचे और अधिकारियों से जल्द परीक्षा परिणाम जारी करने की मांग की। विद्यार्थियो का कहना है कि आयोग ने सहायक प्राध्यापक के 949 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। अधिकांश विषयों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 9 की है। ऐसे में यदि समय पर रिजल्ट जारी नहीं हुआ तो वे भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने से वंचित हो जून तय सकते हैं। वहीं संस्कृत, भूगोल, विधि, मनोविज्ञान, भू-विज्ञान और योग जैसे विषयों के लिए आवेदन 25 मई से 26 जून तक स्वीकार किए जाएंगे।
अंतिम वर्ष की अंकसूची और दस्तावेज जरूरी
छात्रों ने विवि प्रशासन को बताया, आवेदन के दौरान अंतिम वर्ष की अंकसूची और संबंधित दस्तावेज जरूरी होते हैं। रिजल्ट लंबित रहने से उनके सामने आवेदन नहीं कर पाने की स्थिति बन रही है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. अशेष तिवारी ने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि एमए हिस्ट्री चौथे सेमेस्टर की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा हो चुका है। विवि एक-दो दिन में परिणाम घोषित करने की तैयारी में है। (MP News)


