राजस्थान में बड़ी कार्रवाई: जहां बनती थी एमडी ड्रग, वहां अब गरजा पुलिस का बुलडोजर

राजस्थान में बड़ी कार्रवाई: जहां बनती थी एमडी ड्रग, वहां अब गरजा पुलिस का बुलडोजर

प्रतापगढ़। शहर के बीच किराणा दुकान और अनाज गोदाम की आड़ में प्रतापगढ़ पुलिस की ओर से हाल ही में पकड़ी गई एमडी ड्रग फैक्ट्री के मामले में नगर परिषद ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए इससे जुड़े अवैध भवन को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। शहर के बीचोंबीच किराणा दुकान और अनाज गोदाम की आड़ में पुलिस की ओर से एमडी ड्रग फैक्ट्री पकड़े जाने के बाद भारी संख्या में पुलिस जाप्ते के बीच नगर परिषद की ओर से भवन को ढहा दिया गया। इस सख्त कार्रवाई से यह साफ और कड़ा संदेश दिया गया कि नशे के अवैध कारोबार और अवैध निर्माण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस और नगर परिषद अधिकारी रहे मौजूद

नगर परिषद आयुक्त जितेन्द्र मीणा सहित अन्य कई अधिकारी और कर्मचारी अतिक्रमण हटाओ दस्ते के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं शहर कोतवाल शंभूसिंह, महिला थाना अधिकारी इंद्रजीत सिंह सहित तीन थानों का पुलिस बल मौजूद रहा। जिनकी मौजूदगी में तीन जेसीबी ने भवन को ध्वस्त कर दिया।

जांच के बाद की कार्रवाई

शहर कोतवाल शंभु सिंह ने बताया कि पुलिस कार्रवाई के बाद संबंधित भवन की जब जांच की गई तो यह सामने आया कि जिस इमारत में एमडी फैक्ट्री संचालित हो रही थी, वह पूरी तरह अवैध रूप से निर्मित थी। भवन निर्माण के लिए न तो किसी प्रकार की अनुमति ली गई थी और न ही नगर परिषद के नियमों का पालन किया गया था। इसके बाद बुधवार को नगर परिषद की टीम मौके पर पहुंची और बुलडोजर चलाकर अवैध भवन को जमींदोज कर दिया गया।

यह था मामला

गौरतलब है कि एक फरवरी को पुलिस ने इस भवन में संचालित एमडी फैक्ट्री का खुलासा किया था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पानी की टंकी के पास स्थित किराणा दुकान और अनाज गोदाम में अवैध रूप से मादक पदार्थ एमडी का निर्माण किया जा रहा है। दबिश के दौरान पुलिस ने मौके से 106 ग्राम एमडी, करीब 114 किलो 750 ग्राम केमिकल, सात प्लास्टिक जरीकेन और ड्रग निर्माण में प्रयुक्त पूरा सेटअप बरामद किया था।

आरोपी फरार, तलाश जारी

कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके पर मौजूद नहीं थे। वे मौके से फरार हो गए थे, जिनकी तलाश अब भी जारी है। पुलिस की ओर से उनकी तलाश में उनके सभी संभावित ठिकानों पर लगातार दबिशें दी जा रही है। मुखबिरों का जाल बिझाया हुआ है। हालांकि अब तक उनका कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा पाया है लेकिन पुलिस ने उम्मीद जताई है कि आरोपी जल्द ही पुलिस के शिकंजे में होंगे।

पुलिस-प्रशासन की सराहना

पुलिस और प्रशासन की आज की नशे के कारोबार व अवैध निर्माण के खिलाफ इस प्रकार की कड़ी कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों में खासी चर्चा है। लोगों का कहना है कि इस तरह की त्वरित और कठोर कार्रवाई से शहर में नशे के नेटवर्क पर प्रभावी रोक लगाई जा सकेगी। पुलिस और प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी अवैध निर्माण और मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े किसी भी ठिकाने और व्यक्तिओं पर इसी तरह सख्त कदम उठाए जाएंगे।

ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत जारी रहेगी कार्रवाई

एसपी बी आदित्य ने बताया कि पिछले दिनों सूचना मिली थी कि प्रतापगढ़ शहर के अंदर एक एमडी फैक्ट्री चल रही है। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री पर दबिश दी। उसमें करीब 106 ग्राम एमडी सहित एमडी बनाने के संसाधन पकड़े गए थे। तो उस पर सूचना ले कारवाई करते हुए हमने प्रशासन के सहयोग से जहां पर फैक्ट्री चल रही थी। उसको कारवाई करते हुए ध्वस्त किया गया है। पुलिस की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। जहां पर भी फैक्ट्रियां चल रही हैं उन पर कारवाई करने के लिए हम प्रशासन का भी सहयोग लेते रहेंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *