Bharatpur: दहेज प्रताड़ना के बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, रोती-बिलखती रही मासूम बेटी, 11 लाख और कार की करते थे मांग

Bharatpur: दहेज प्रताड़ना के बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, रोती-बिलखती रही मासूम बेटी, 11 लाख और कार की करते थे मांग

Newlywed Suspicious Death: भरतपुर के मथुरा गेट थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। नीतू (23) पत्नी पदम सिंह की मौत के बाद उसके मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि नीतू से लगातार 11 लाख रुपए और कार की मांग की जा रही थी और इसी कारण उसकी जान ले ली गई।

चौबुर्जा चौकी प्रभारी राकेश मान के अनुसार नीतू की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उसे आरबीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान शाम करीब 6 बजे उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया। एसडीएम भारती गुप्ता की निगरानी में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया और बाद में शव मायके पक्ष को सौंप दिया गया।

मृतका के भाई सोनू निवासी नागोली थाना धौलपुर ने बताया कि उसकी बड़ी बहन नीतू और छोटी बहन रमन की शादी 22 अप्रेल 2024 को बुद्ध की हाट निवासी दो सगे भाइयों पदम सिंह और रमा शंकर से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों बहनों को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा।

ससुर ब्रज मोहन, जेठ मनीष, ननद डोली व हेमलता तथा नंदोई हरेंद्र और राजेश लगातार 11 लाख रुपए और कार की मांग करते थे। मांग पूरी नहीं होने पर मारपीट की जाती थी। परिजनों का आरोप है कि घटना वाले दिन नीतू और रमन के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जब रमन ने नीतू को बचाने की कोशिश की तो उसे कमरे में बंद कर दिया गया और नीतू को जबरन जहर पिला दिया गया। बाद में रमन ने किसी तरह बाहर निकलकर मायके पक्ष को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर परिजन ससुराल पहुंचे और नीतू को शाम करीब 4 बजे आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन करीब एक घंटे के इलाज के बाद उसने दम तोड़ दिया।

बिलखती रह गई मासूम

नीतू अपने करीब सवा साल की मासूम बेटी हर्षिता को छोड़ गई है, जो अब बिना मां के रह गई है। नीतू की मौत के बाद सभी ससुरालीजन फरार बताए जा रहे हैं। परिजनों ने हत्या का मामला दर्ज कराने के लिए पुलिस को शिकायत सौंप दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *