बैतूल की राखी का MP कबड्डी टीम में चयन:4 साल की उम्र में अनाथ हुईं; पार्ट टाइम जॉब कर की पढ़ाई; 19 से सतना में खेलेंगी फेडरेशन कप

बैतूल की राखी का MP कबड्डी टीम में चयन:4 साल की उम्र में अनाथ हुईं; पार्ट टाइम जॉब कर की पढ़ाई; 19 से सतना में खेलेंगी फेडरेशन कप

बैतूल जिले के खापा खतेड़ा की रहने वाली राखी बेडरे ने गरीबी और पारिवारिक विरोध को मात देकर मध्य प्रदेश की कबड्डी टीम में अपनी जगह बना ली है। अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा 19 मार्च से 22 मार्च 2026 तक सतना में आयोजित होने वाली फेडरेशन कप कबड्डी चैंपियनशिप की महिला टीम के लिए राखी का चयन हुआ है। कभी पैसों की कमी के कारण उनकी पढ़ाई छूट गई थी, लेकिन उन्होंने पार्ट टाइम काम करके न सिर्फ अपनी शिक्षा पूरी की बल्कि अब वे दिल्ली की एकेडमी में ट्रेनिंग लेकर इस बड़ी चैंपियनशिप की तैयारी कर रही हैं। राखी ने बताया कि जब वह महज चार साल की थीं, तब उनके माता-पिता उन्हें छोड़कर चले गए थे। इसके बाद उनका पालन-पोषण उनके मामा तुलाराम चौहान के घर पर हुआ। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण दसवीं कक्षा के बाद राखी को अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़नी पड़ी। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और पार्ट टाइम नौकरी करके आमला से अपनी हायर सेकंडरी तक की पढ़ाई पूरी की। आमला से शुरू किया सफर, जयपुर और दिल्ली तक पहुंचीं पढ़ाई के साथ-साथ राखी ने कबड्डी में भी अपना संघर्ष जारी रखा। उन्होंने कबड्डी खेलना आमला के गर्ल्स स्कूल से शुरू किया और फिर बैतूल की एकेडमी में निरंतर प्रैक्टिस की। अपने खेल को और बेहतर बनाने के लिए राखी ने जयपुर की पीसीएस एकेडमी में दो माह का प्रशिक्षण भी प्राप्त किया। वर्तमान में वे दिल्ली की एक कबड्डी एकेडमी में अपनी ट्रेनिंग कर रही हैं। परिजनों को खुद मनाया, नेशनल खेलने का है सपना खेल के प्रति अपने जुनून और संघर्ष को लेकर राखी कहती हैं, “मैंने अपने पैरों पर खड़े होकर सब कुछ किया। मां-बाप पहले तैयार नहीं थे, लेकिन मैंने उन्हें समझाया। कबड्डी के साथ रनिंग और मैराथन में भी हिस्सा लेती हूं। मेरा सपना है नेशनल स्तर पर खेलना।” राखी ने अपनी लगन से अपने परिवार वालों की सोच भी बदली है। सतना कर रहा है फेडरेशन कप की मेजबानी इस वर्ष मध्य प्रदेश अमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन को फेडरेशन कप के आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसकी मेजबानी जिला अमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन सतना कर रहा है, जहां पुरुष और महिला दोनों वर्गों के मुकाबले होंगे। राखी के चयन को लेकर मध्य प्रदेश कबड्डी संघ के सचिव नितेश सिंह राजपूत ने कहा कि राखी बेहद मेहनती और लगनशील खिलाड़ी हैं। इस खेल में उनका भविष्य उज्जवल है और फेडरेशन कप जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उनका प्रदर्शन सभी के लिए एक प्रेरणास्रोत रहेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *