Bengal: कोलकाता के प्रेसिडेंसी जेल में सुरक्षा चूक, आतंकी आफताब अंसारी की सेल से iPhone और Wi-Fi राउटर मिला

Bengal: कोलकाता के प्रेसिडेंसी जेल में सुरक्षा चूक, आतंकी आफताब अंसारी की सेल से iPhone और Wi-Fi राउटर मिला

Phones and cash found in terrorist Aftab ansari cell: कोलकाता की प्रेसिडेंसी सेंट्रल जेल में सुरक्षा चूक का मामला सामने आया है। आतंकी आफताब अंसारी की सेल से 3 iPhone, Wi-Fi राउटर, पेन ड्राइव और 31 हजार रुपए बरामद हुए। जांच एजेंसियां जेल के भीतर उसके संपर्कों और नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं। 

Kolkata Jail Security Breach: पश्चिम बंगाल के कोलकाता में अलीपुर स्थित हाई-सिक्योरिटी मानी जाने वाली प्रेसिडेंसी सेंट्रल जेल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जेल में बंद कुख्यात आतंकी आफताब अहमद अंसारी की सेल से छापेमारी के दौरान कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और नकदी बरामद होने का मामला सामने आया है। आफताब 2002 में कोलकाता के अमेरिकी सूचना केंद्र पर हुए आतंकी हमले का मुख्य साजिशकर्ता है और फिलहाल उम्रकैद की सजा काट रहा है।

गुप्त सूचना के बाद हुई तलाशी

जेल अधिकारियों को कुछ संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद आफताब की सेल नंबर 14 में तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान उसके कपड़ों और बिस्तर के बीच छिपाकर रखे गए तीन आईफोन, वाई-फाई राउटर, पेन ड्राइव समेत कई सामान बरामद किए गए। इसके अलावा दो कार्ड रीडर और इयरफोन भी मिले हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, सेल से 500 रुपए के नोटों में कुल 31 हजार रुपए नकद भी बरामद किए गए। हाई-सिक्योरिटी जेल में बंद एक आतंकी के पास इस तरह के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिलने से सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

व्हाट्सएप और टेलीग्राम के इस्तेमाल की आशंका

शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि आफताब जेल के भीतर से इंटरनेट आधारित मैसेजिंग एप का इस्तेमाल कर रहा था। जांच एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद मोबाइल और राउटर के जरिए किन लोगों से संपर्क किया गया।

खुफिया एजेंसियां खास तौर पर यह जांच कर रही हैं कि कहीं आफताब का संपर्क पाकिस्तान में मौजूद पुराने संपर्कों या किसी सीमा पार आतंकी नेटवर्क से तो नहीं था। बरामद डिवाइस की तकनीकी जांच से इस मामले में कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।

जेल कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के घेरे में

मामले में हेस्टिंग्स थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक सामान और इतनी बड़ी मात्रा में नकदी जेल के अंदर कैसे पहुंची। प्रेसिडेंसी जेल में कड़ी सुरक्षा और निगरानी के बावजूद इन सामानों का आफताब की सेल तक पहुंचना सुरक्षा व्यवस्था में संभावित सेंध की ओर इशारा करता है।

जांच एजेंसियां जेल कर्मचारियों और अन्य संदिग्ध लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही हैं। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कहीं किसी ने आर्थिक लाभ के बदले उसे यह सुविधाएं तो उपलब्ध नहीं कराईं।

  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *