Belagavi में घर के अंदर फ्रिज फटने से लगी भीषण आग, 4 महिलाओं की मौत और 2 गंभीर रूप से झुलसे

Belagavi में घर के अंदर फ्रिज फटने से लगी भीषण आग, 4 महिलाओं की मौत और 2 गंभीर रूप से झुलसे

कर्नाटक के बेलगावी में सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात एक घर में फ्रीज में कथित तौर पर विस्फोट होने के बाद एक ही परिवार की चार महिला सदस्यों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना चवत गली में हुई।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान गंगा धमोने (25), शारदा धमोने (45), प्रिया धमोने (28) और भारती धमोने (50) के रूप में हुई है। उसने बताया कि इस घटना में गजानन धमोने (65) और उनके बेटे रोशन धमोने (21) गंभीर रूप से झुलस गए हैं। दोनों का अस्पताल में इलाज जारी है।

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जानकारी से पता चला है कि घर के अंदर फ्रिज में धमाका होने के बाद आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें पूरे घर में फैल गईं, जिससे अंदर मौजूद लोग फंस गए। पुलिस ने बताया कि आग लगने की सूचना मार्केट थाना के अधिकार क्षेत्र से मिली।

बेलगावी के पुलिस आयुक्त प्रकाश निकम ने यहां पत्रकारों को बताया कि घटना सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब ढाई बजे हुई। आग में झुलसने के कारण चार महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। निकम के अनुसार, गजानन धामोने और उनके बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गजानन करीब 80 प्रतिशत झुलस गए हैं जबकि उनके बेटे का शरीर करीब 40 प्रतिशत झुलस गया है। उन्होंने बताया कि चारों मृतकों का पोस्टमार्टम और जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके शव तुरंत रिश्तेदारों को सौंप दिए जाएंगे। फारेंसिक टीम और एचईएससीओएम (हुबली इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई कंपनी लिमिटेड) के अधिकारी घटना की जांच कर रहे हैं और आग लगने के वास्तविक कारण का पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं।

आयुक्त ने कहा, ‘‘प्रथम दृष्टया यह शॉर्ट सर्किट का मामला लगता है लेकिन इसकी पुष्टि होना अभी बाकी है। घटना में जो बेटा बच गया है उसने हमें बताया कि उसने शॉर्ट सर्किट जैसी आवाज सुनी थी। हालांकि फारेंसिक टीम की जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारण का पता चल पाएगा।’’
मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *