Bareilly Police ने तेज आवाज में बज रहे 11 DJ वाहन जब्त किए, लगाया 4.40 लाख का जुर्माना

Bareilly Police ने तेज आवाज में बज रहे 11 DJ वाहन जब्त किए, लगाया 4.40 लाख का जुर्माना

उत्तर प्रदेश के बरेली में बारावफात के दौरान निर्धारित समय के बाद तेज आवाज में डीजे बजाने और वाहनों में अनधिकृत बदलाव के खिलाफ पुलिस ने देर रात अभियान चलाकर 11 डीजे वाहन जब्त किए तथा कुल 4.40 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। मुस्लिम समुदाय ने बुधवार को पैगंबर मोहम्मद के जन्मदिन के अवसर पर धार्मिक आयोजनों और जुलूसों के साथ बारावफात मनाया।

नगर पुलिस अधीक्षक मानुष पारीक ने बताया कि शहर के कुछ हिस्सों में निर्धारित समय के बाद तेज आवाज में डीजे बजाए जाने की शिकायतें मिली थीं। पारीक ने कहा, ‘‘निर्धारित समय या अनुमत ध्वनि सीमा से अधिक तेज आवाज में संगीत बजाने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।’’
पुलिस की टीमों ने बुधवार देर रात किला और सीबीगंज क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया।

इस दौरान सीबीगंज से सात और किला क्षेत्र से चार डीजे वाहन जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार मेरठ, सहारनपुर और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) से लाए गए इन वाहनों में बड़े स्पीकर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लगाकर भारी बदलाव किए गए थे। अनधिकृत बदलाव और यातायात नियमों के उल्लंघन के लिए मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस ने बताया कि बड़े आकार के इन वाहनों से ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों के चपेट में आने का खतरा भी था। इसलिए वाहनों को सुरक्षित तरीके से हटाने के दौरान प्रभावित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद करनी पड़ी। पुलिस ने कहा कि धार्मिक और अन्य आयोजनों के दौरान निर्धारित ध्वनि सीमा, समय और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *