बाराबंकी में अज्ञात वाहन की टक्कर से बारहसिंगा घायल:खेत के पास घायल पड़ा मिला, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

बाराबंकी में अज्ञात वाहन की टक्कर से बारहसिंगा घायल:खेत के पास घायल पड़ा मिला, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

बाराबंकी की रामनगर तहसील के अमोली कला ग्राम पंचायत में बुधवार को एक बारहसिंगा अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गया। खेतों के पास घायल अवस्था में मिले इस राजकीय पशु को देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने मानवता और वन्य जीव संरक्षण का परिचय देते हुए तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। ग्रामीण आदित्य तिवारी ने सबसे पहले घायल बारहसिंगा को देखा और अन्य ग्रामीणों को सूचित किया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से घायल बारहसिंगा का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। वन विभाग की टीम ने प्राथमिक उपचार की व्यवस्था करते हुए बारहसिंगा को अपने संरक्षण में ले लिया।
इस सराहनीय कार्य में रविन्दु शुक्ला, सुमित शुक्ला गोरे, गोविंद राजपूत, राकेश शुक्ला, बृजेश यादव और आदित्य तिवारी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने मिलकर घायल बारहसिंगा की सुरक्षा सुनिश्चित की और वन विभाग के कार्य में सहयोग किया। रामनगर रेंज के वन दरोगा सचिन पटेल ने बताया कि बारहसिंगा उत्तर प्रदेश का राजकीय पशु है। अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुए इस बारहसिंगा को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि बारहसिंगा का उपचार कराया जाएगा और स्वस्थ होने के बाद उसे पुनः जंगल में छोड़ दिया जाएगा। ग्रामीणों ने कहा कि वन्य जीवों की सुरक्षा हम सभी की जिम्मेदारी है। उनकी सतर्कता और वन विभाग की तत्परता से एक दुर्लभ वन्य जीव का जीवन बचाया जा सका।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *