डंपर की टक्कर से बैंक मैनेजर की मौत:औरैया में स्कूटी सवार को डंपर ने रौंदा, चालक गिरफ्तार

डंपर की टक्कर से बैंक मैनेजर की मौत:औरैया में स्कूटी सवार को डंपर ने रौंदा, चालक गिरफ्तार

औरैया में सदर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार दोपहर करीब 2 बजे एक भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। यह दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर ग्राम करमपुर ओवरब्रिज के पास रेवा कोल्ड स्टोरेज के सामने औरैया से इटावा की ओर जाने वाली लेन पर हुई। मृतक की पहचान सुधीर कुमार मौर्य पुत्र श्री कृष्ण मौर्य, निवासी मोहल्ला बनारसी दास, थाना कोतवाली औरैया के रूप में हुई है। वह वर्तमान में एचडीएफसी बैंक में मैनेजर थे। सुधीर अपनी स्कूटी से अपने भाई से मिलने के लिए औरैया से मुरादगंज जा रहे थे। जैसे ही सुधीर रेवा कोल्ड स्टोरेज के सामने पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने अनियंत्रित होकर उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुधीर कुमार मौर्य की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चिचोली स्थित पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने डंपर चालक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है। क्षतिग्रस्त स्कूटी और डंपर को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करा दिया गया है। पुलिस द्वारा पंचायतनामा सहित अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारू रूप से जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *