Ballia में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा के दौरान दलित युवकों पर हमला, 6 नामजद

Ballia में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा के दौरान दलित युवकों पर हमला, 6 नामजद

उत्तर प्रदेश में बलिया जिले के गड़वार थाना क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की शोभायात्रा देखने गए दलित समुदाय के लोगों पर एक समूह के कथित हमले में चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस उपाधीक्षक सतीश शर्मा ने बताया कि इस मामले में छह लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत शुक्रवार को नामजद मामला दर्ज किया गया।

पुलिस के अनुसार, गड़वार थाने में बिकाऊ प्रसाद की शिकायत पर सुभाष राजभर, मुकेश राजभर, प्रदीप, अभय, प्रिंस और सौरभ के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। प्राथमिकी के अनुसार, घटना 21 अक्टूबर को गड़वार थाना क्षेत्र में दई स्थान के पास उस समय हुई, जब दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की शोभायात्रा वहां से गुजर रही थी। शिकायत के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर लाठी-डंडे और अन्य हथियार लेकर वहां पहुंचे तथा पप्पू कुमार और पंकज कुमार को जातिसूचक अपशब्द कहे और उनकी पिटाई की।

शिकायत में कहा गया है कि जब हरिंद्र और अजीत बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उनकी भी पिटाई कर दी। इस घटना में चारों लोग घायल हो गए। आरोप है कि हमलावर पीड़ितों को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *