Bajaj Auto अगले 45 दिनों में उतारेगी 3 नए उत्पाद, 2 नए ब्रांड भी करेगी पेश

Bajaj Auto अगले 45 दिनों में उतारेगी 3 नए उत्पाद, 2 नए ब्रांड भी करेगी पेश

वाहन विनिर्माता बजाज ऑटो अगले 45 दिन में तीन नए उत्पाद पेश करेगी और आने वाले महीनों में दो नए ब्रांड भी बाजार में उतारेगी। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। बजाज ऑटो मौजूदा ग्राहकों को नए मॉडल की ओर आकर्षित करने के साथ नए ग्राहक जोड़ने पर भी ध्यान दे रही है।

इस क्रम में कंपनी ने नई पल्सर 125 और पल्सर 150 मोटरसाइकिल पेश कीं। इनकी शुरुआती शोरूम कीमत क्रमशः 92,900 रुपये और 1.15 लाख रुपये है। दोनों मॉडल में नए फीचर और तकनीकें जोड़ी गई हैं।

बजाज ऑटो के प्रबंध निदेशक राकेश शर्मा ने कहा, ‘‘हम अगले 45 दिन में तीन नए उत्पाद पेश करेंगे और दो नए ब्रांड भी लाएंगे।’’
शर्मा ने कहा कि कंपनी ने पिछले साल अक्टूबर से अब तक 12 मॉडल पेश किए हैं। उन्होंने कहा कि पल्सर के 125 सीसी और 150 सीसी जैसे कुछ मॉडलों में लंबे समय से बड़े बदलाव नहीं हुए थे, जिससे इस खंड में कुछ ‘थकान’ देखने को मिली। नए मॉडल मौजूदा ग्राहकों के साथ नए खरीदारों को आकर्षित करने में मदद करेंगे।

बजाज ऑटो की कुल बिक्री जुलाई में 30 प्रतिशत बढ़कर 4,74,677 इकाई रही, जो एक साल पहले 3,66,000 इकाई थी। घरेलू बिक्री 20 प्रतिशत बढ़कर 2,20,192 इकाई रही। घरेलू दोपहिया बिक्री भी 19 प्रतिशत बढ़कर 1,65,747 इकाई हो गई।

कंपनी के दोपहिया कारोबार प्रमुख सारंग कानडे ने कहा कि दोपहिया वाहन उद्योग फिलहाल करीब 12 प्रतिशत की दर से बढ़ रहा है और मोटरसाइकिल खंड में वृद्धि करीब 10 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की बिक्री में करीब 80 प्रतिशत की वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि कंपनी चालू वित्त वर्ष की दूसरी छमाही और त्योहारी मौसम में बिक्री को लेकर ‘बहुत आशावादी’ है।

हालांकि, निकट अवधि में 125 सीसी मोटरसाइकिल खंड का प्रदर्शन उद्योग के बाकी खंडों की तुलना में उतना उत्साहजनक नहीं रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *