बदायूं के किसान को करोड़ों का टैक्स नोटिस:आधार-पैन से दिल्ली में फर्जी फर्म बनाकर दिखाया कारोबार

बदायूं के किसान को करोड़ों का टैक्स नोटिस:आधार-पैन से दिल्ली में फर्जी फर्म बनाकर दिखाया कारोबार

बदायूं में एक किसान के नाम पर फर्जी फर्म चलाकर करोड़ों रुपये का टैक्स बकाया दिखाने का बड़ा मामला सामने आया है। वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव खुर्रमपुर भमोरी निवासी किसान भोले सिंह को पहले आयकर विभाग से 1.02 करोड़ रुपये का नोटिस मिला। जब वह समाधान के लिए जीएसटी कार्यालय पहुंचे, तो उन्हें 13.63 करोड़ रुपये का दूसरा नोटिस थमा दिया गया। कुल मिलाकर, उन पर 14.65 करोड़ रुपये से अधिक का टैक्स बकाया दिखाया गया है। भोले सिंह एक साधारण किसान हैं, जिनके पास लगभग 12 बीघा जमीन थी। गंगा एक्सप्रेस-वे परियोजना में उनकी चार बीघा भूमि अधिग्रहित हो गई थी, जिसके बाद उन्होंने सहसवान तहसील क्षेत्र में जमीन खरीदकर खेती शुरू की। उनके छह बेटे हैं और पूरा परिवार खेती पर निर्भर है। 29 मार्च को जब आयकर विभाग का नोटिस भोले सिंह के पास पहुंचा, तो उसमें दिल्ली के नारायणा इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित लोहामंडी में ‘राम स्टोर’ नाम की एक फर्म संचालित होने और उस पर टैक्स बकाया होने का जिक्र था। यह जानकारी मिलते ही किसान हैरान रह गए। किसान भोले सिंह ने बताया, ‘मेरे नाम पर दिल्ली में फैक्ट्री बताई जा रही है, जबकि मैंने आज तक दिल्ली का रास्ता तक नहीं देखा है। न मैं कभी दिल्ली गया और न ही मैंने कोई कंपनी या फर्म बनाई है। मेरे पास तो बस खेती ही सहारा है।’ पीड़ित किसान ने इस मामले की शिकायत जिलाधिकारी अवनीश राय से की। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को जांच के निर्देश दिए। हालांकि, जब भोले सिंह जीएसटी कार्यालय पहुंचे, तो उन्हें राहत मिलने के बजाय 13 करोड़ रुपये से अधिक की जीएसटी देनदारी का दूसरा नोटिस थमा दिया गया। प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि किसान के आधार और पैन नंबर का इस्तेमाल करके फर्जी फर्म बनाई गई थी। इसी फर्म के जरिए कारोबार दिखाकर टैक्स बकाया दर्शाया गया है। पीड़ित न्याय की उम्मीद में वजीरगंज थाने और साइबर क्राइम थाने भी पहुंचा, लेकिन कहीं भी उसकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई। वहीं, जीएसटी विभाग के अधिकारी फिलहाल इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं कर रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *