Avenue Supermarts और V-Mart का राजस्व दूसरी तिमाही में 18 प्रतिशत से अधिक बढ़ा

Avenue Supermarts और V-Mart का राजस्व दूसरी तिमाही में 18 प्रतिशत से अधिक बढ़ा

नयी दिल्ली, पांच अक्टूबर त्योहारी कैलेंडर में बदलाव के बावजूद खुदरा कंपनियों की आमदनी में चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में दोहरे अंक की वृद्धि हुई है। इस साल त्योहारी सीजन जुलाई-सितंबर के बजाय अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में पड़ रहा है। सूचीबद्ध खुदरा कंपनियों ने अपनी तिमाही कारोबारी जानकारी में कहा कि उन्होंने नए स्टोर खोलने और विभिन्न बाजारों में अपनी मौजूदगी मजबूत करने के साथ खुदरा कारोबार का विस्तार जारी रखा।

डी-मार्ट खुदरा श्रृंखला का संचालन करने वाली एवेन्यू सुपरमार्ट्स लिमिटेड की चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में एकल आधार पर परिचालन आय 18.4 प्रतिशत बढ़कर 19,206.18 करोड़ रुपये रही। कंपनी ने शेयर बाजारों को यह जानकारी दी। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी की परिचालन आय 16,218.79 करोड़ रुपये रही थी।

दामानी परिवार प्रवर्तित इस खुदरा कंपनी के 30 सितंबर, 2026 तक कुल 518 स्टोर थे। कपड़ों की खुदरा कंपनी वी-मार्ट रिटेल की तिमाही में परिचालन आय सालाना आधार पर 18 प्रतिशत बढ़कर 953 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले साल की इसी अवधि में 807 करोड़ रुपये थी। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में वी-मार्ट की परिचालन आय 21 प्रतिशत बढ़कर 2,042 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले साल की समान अवधि में 1,692 करोड़ रुपये थी।

कंपनी ने तिमाही के दौरान 23 नए स्टोर खोले और एक स्टोर बंद किया। इसके साथ उसके कुल परिचालन वाले स्टोर की संख्या बढ़कर 613 हो गई। एक अन्य खुदरा श्रृंखला वी2 रिटेल की दूसरी तिमाही में एकल आधार पर परिचालन आय सालाना आधार पर 28.4 प्रतिशत बढ़कर 905 करोड़ रुपये हो गई।

कंपनी ने कहा कि पिछले साल त्योहारी सीजन दूसरी तिमाही में था, जबकि इस साल यह तीसरी तिमाही में है। इसके बावजूद कंपनी की आय में वृद्धि दर्ज की गई। कैलेंडर वर्ष के आधार पर कंपनी की स्टोर बिक्री वृद्धि 14.9 प्रतिशत रही।

वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही में नवरात्र और दुर्गा पूजा का समय शामिल था, जबकि इस साल ये त्योहार अक्टूबर में पड़ रहे हैं। वी2 रिटेल ने कहा, ‘‘समय में यह बदलाव मौसमी उतार-चढ़ाव को अलग रखकर हमारे प्रदर्शन की अंतर्निहित स्थिरता को देखने के महत्व को रेखांकित करता है।’’
समीक्षाधीन तिमाही के दौरान कंपनी की प्रति वर्ग फुट मासिक बिक्री 700 रुपये रही। वी2 रिटेल ने तिमाही में 49 नए स्टोर खोले और तीन स्टोर बंद किए।

इसके साथ 30 सितंबर, 2026 तक उसके कुल स्टोर की संख्या 427 हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *