दो युवतियों से ऑटो चालक ने किया दुष्कर्म का प्रयास:सिपाही भर्ती परीक्षा देने जा रहीं थी, मुठभेड़ में गिरफ्तार

दो युवतियों से ऑटो चालक ने किया दुष्कर्म का प्रयास:सिपाही भर्ती परीक्षा देने जा रहीं थी, मुठभेड़ में गिरफ्तार

लखनऊ में सिपाही भर्ती परीक्षा देने रायबरेली जा रही दो युवतियों को ऑटो चालक ने बरगलाकर सुनसान इलाके में ले जाकर छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास किया। बचाव में एक युवती ने आरोपी की उंगली दांत से काट ली। राहगीर को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गया। तलाश में जुटी पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, लखीमपुर खीरी निवासी दो सहेलियां सिपाही भर्ती परीक्षा देने के लिए मड़ियांव स्थित अपने रिश्तेदार के घर आई थीं। उनका परीक्षा केंद्र रायबरेली में था। सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे दोनों युवतियां मड़ियांव से चारबाग पहुंचीं। वहां से उन्हें आलमबाग बस स्टेशन जाना था, जहां से रायबरेली के लिए बस मिलनी थी। रास्ता बंद होने का बहाना बनाकर सुनसान इलाके में ले गया दोनों युवतियां चारबाग से एक ऑटो में सवार हुईं। आरोप है कि चालक ने आगे रास्ता बंद होने की बात कहकर ऑटो को मवैया होते हुए पारा थाना क्षेत्र स्थित रामलीला मैदान के पास सुनसान इलाके में पहुंचा दिया। वहां उसने एक युवती के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी और दुष्कर्म का प्रयास किया। सहेली को परेशान होता देख दूसरी युवती ने शोर मचाना शुरू कर दिया। खुद को बचाने के लिए युवती ने आरोपी की उंगली दांत से काट ली। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक राहगीर को देखकर आरोपी ऑटो छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने परीक्षा दिलाने रायबरेली भेजा राहगीर ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवतियों को सुरक्षित अभिरक्षा में लिया और उन्हें परीक्षा दिलाने के लिए रायबरेली भेजा। परीक्षा से लौटने के बाद पीड़िता की तहरीर पर आरोपी ऑटो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने दोनों युवतियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। सीसीटीवी खंगालकर आरोपी तक पहुंची पुलिस इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमों को लगाया गया था। चारबाग से पारा तक के मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच के दौरान आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की गई। पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली पुलिस के अनुसार, तलाश के दौरान आरोपी दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *