WTC 2025-27: बांग्लादेश के खिलाफ डार्विन टेस्ट में हार के बाद ऑस्ट्रेलिया पर धीमी ओवर गति के कारण जुर्माने और WTC अंक गंवाने का खतरा मंडरा रहा है। टीम ने तीसरे दिन 90 की जगह 86 ओवर किए थे और अब मैच रेफरी के फैसले का इंतजार है।
Australia Cricket Faces $44000 Fine Threat: बांग्लादेश के खिलाफ डार्विन में खेले गए पहले टेस्ट में मिली शर्मनाक हार के बाद भी ऑस्ट्रेलियाई टीम की मुश्किलें अभी खत्म नहीं हुई हैं। मैच में स्लो ओवर रेट की वजह से पूरी प्लेइंग 11 पर जुर्माना लग सकता है। इसके अलावा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में अंक भी गंवाने का खतरा मंडरा रहा है। हालांकि ये खतरा बांग्लादेश के टीम पर भी मंडरा रहा है। हालांकि मैच रेफरी ने अभी तक किसी भी टीम के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।
4 ओवर कम करने की बड़ी सजा!
पैट कमिंस की कप्तानी वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम तीसरे दिन निर्धारित समय में 90 ओवर की जगह सिर्फ 86 ओवर की गेंदबाजी की थी। हालांकि मैच चौथे दिन लंच से पहले ही खत्म हो गया, लेकिन इससे धीमी ओवर गति के मामले में कोई भी टीम बच नहीं सकती है। बांग्लादेश की टीम ने भी करीब साढ़े छह घंटे के खेल में सिर्फ 77 ओवर किए। इस दौरान कुल 11 विकेट गिरे।
आईसीसी के नियमों के अनुसार टेस्ट मैच में टीमों को एक दिन में 90 ओवर पूरे करने होते हैं। हालांकि, बारिश, चोट या अन्य कारणों से खेल में रुकावट होने पर इसकी भरपाई के लिए अतिरिक्त समय दिया जा सकता है। ऐसे में मैच रेफरी यह तय करेंगे कि ऑस्ट्रेलिया की धीमी ओवर गति के पीछे कोई वैध कारण था या नहीं। अगर ऑस्ट्रेलिया को ओवर-रेट का दोषी पाया जाता है तो खिलाड़ियों की मैच फीस पर जुर्माना लगाया जा सकता है।
आईसीसी के नियम के तहत प्रत्येक ओवर कम रहने पर खिलाड़ियों की मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना हो सकता है। ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की टेस्ट मैच फीस करीब 20 हजार डॉलर प्रति मैच है। ऐसे में चार ओवर की कमी पर प्रत्येक खिलाड़ी पर करीब 4 हजार डॉलर का जुर्माना लग सकता है और पूरी प्लेइंग इलेवन पर करीब 44 हजार डॉलर तक जुर्माना लग सकता है।
WTC प्वाइंट्स टेबल में हो सकता है बड़ा खेल
WTC अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया फिलहाल 84 अंक और 77.78 जीत प्रतिशत के साथ पहले स्थान पर है। अगर ऑस्ट्रेलिया के खाते से चार अंक काटे जाते हैं तो उसके 80 अंक रह जाएंगे और जीत प्रतिशत 74.07 हो जाएगा। ऐसे में साउथ अफ्रीका 75 जीत प्रतिशत के साथ पहले स्थान पर आ जाएगी और ऑस्ट्रेलिया को दूसरे स्थान पर खिसकना होगा।
Sports – Patrika | CMS

