ऑगमोंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड का 825 करोड़ रुपये का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 21 अगस्त को खुलेगा। कंपनी ने मंगलवार को सार्वजनिक घोषणा में बताया कि आईपीओ का मूल्य दायरा 750-788 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। यह 620 करोड़ रुपये के नए शेयर तथा 205 करोड़ रुपये के शेयर की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का मिश्रण होगा।
आईपीओ 21 अगस्त को खुलेगा और 25 अगस्त को बंद होगा। बड़े (एंकर) निवेशक 20 अगस्त को बोली लगा पाएंगे। नए शेयर के निर्गम से जुटाई गई राशि का इस्तेमाल कंपनी मुख्य रूप से अपनी भविष्य की कार्यशील पूंजी की आवश्यकताओं को पूरा करने और कारोबार के विस्तार आदि के लिए करेगी।
इस राशि का एक हिस्सा सामान्य कॉरपोरेट कामकाज के लिए भी रखा जाएगा। कंपनी का शेयर 31 अगस्त को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है। ऑगमोंट एंटरप्राइजेज 24 राज्यों में कारोबारियों और उपभोक्ताओं को सेवाएं देने वाला एकीकृत सोना-चांदी मंच संचालित करती है।

