गुवाहाटी, सात अक्टूबर असम की नगांव लोकसभा सीट पर मंगलवार को हुए उपचुनाव में 19.05 लाख मतदाताओं में से कुल 76.19 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय ने बुधवार को यह जानकारी दी। सीईओ के कार्यालय के मुताबिक, मंगलवार शाम पांच बजे मतदान समाप्त होने पर मतदान प्रतिशत 76 था।
उस समय मतदान केंद्रों पर कतार में खड़े मतदाताओं को वोट डालने की अनुमति दिए जाने के बाद यह प्रतिशत मामूली रूप से बढ़कर 76.19 हो गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय ने एक बयान में कहा कि लोकसभा सीट के तहत आने वाले आठ विधानसभा क्षेत्रों के किसी भी मतदान केंद्र पर पुनर्मतदान का आदेश नहीं दिया गया है। बयान में कहा गया, ‘‘मंगलवार को मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
मतदान प्रतिशत 76.19 रहा।’’
इसमें कहा गया कि सामान्य पर्यवेक्षक के आकलन के अनुसार किसी भी मतदान केंद्र पर पुनर्मतदान की आवश्यकता नहीं है। नगांव लोकसभा सीट पर उपचुनाव कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफा देने के बाद कराया गया। उन्होंने इस साल की शुरुआत में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर दिसपुर से विधानसभा चुनाव सफलतापूर्वक लड़ा था।
प्रमुख उम्मीदवारों में कांग्रेस की पूर्व विधायक शिवमणि बोरा, भाजपा के उम्मीदवार पूर्व आईएएस अधिकारी देवाशीष शर्मा और एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल शामिल हैं। बयान में कहा गया कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान कराया गया और वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों तथा अन्य मतदाताओं को आवश्यक सहायता एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे मतदान सुचारू और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सीईओ अनुराग गोयल ने निर्वाचन क्षेत्र के सभी नागरिकों, मतदान कर्मियों और सुरक्षा बलों को सक्रिय भागीदारी और सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।

