India vs Malaysia: भारतीय मेंस हॉकी टीम ने एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में मलेशिया को 5-1 से हराया। इसके साथ ही भारतीय टीम ने लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। भारत से हार के बाद मलेशिया को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।
India vs Malaysia, Asian Games 2026: भारतीय मेंस हॉकी टीम ने एशियन गेम्स 2026 में अजेय रहते हुए लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल अपने नाम किया। भारतीय टीम ने फाइनल मुकाबले में मलेशिया को 5-1 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। मलेशिया को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।
एशियन गेम्स इतिहास की दूसरी सबसे सफल टीम बनीं
एशियन गेम्स के इतिहास में पाकिस्तानी मेंस हॉकी टीम 8 गोल्ड मेडल के साथ सबसे सफल टीम है। पाकिस्तान ने 1958, 1962, 1970, 1974, 1978, 1982, 1990 और 2010 के एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता है।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम 5 गोल्ड मेडल के साथ एशियन गेम्स की दूसरी सबसे सफल टीम है। दक्षिण कोरिया के नाम 4 गोल्ड मेडल हैं। जापान ने 2018 एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था। मलेशिया और चीन अब तक एशियन गेम्स में हॉकी का गोल्ड मेडल नहीं जीत सके हैं।
मेंस हॉकी टूर्नामेंट में अजेय रहा भारत
भारतीय मेंस हॉकी टीम ने एशियन गेम्स 2026 के पूल-ए में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने सभी पांच मुकाबले जीते। भारत ने इंडोनेशिया को 13-1, श्रीलंका को 16-1, दक्षिण कोरिया को 8-2, जापान को 2-0 और बांग्लादेश को 10-0 से शिकस्त दी।
इसके बाद सेमीफाइनल में भारत का सामना पाकिस्तान से हुआ, जहां टीम ने रोमांचक मुकाबले में 4-3 से जीत दर्ज कर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। दूसरी ओर, मलेशिया ने भी टूर्नामेंट में अब तक अजेय रहते हुए गोल्ड मेडल मुकाबले में प्रवेश किया, जहां उसे भारत से शिकस्त झेलनी पड़ी। इस हार के साथ मलेशिया को एक बार फिर गोल्ड मेडल मैच में निराशा मिली। इससे पहले, मलेशिया एशियन गेम्स 2010, 2018 संस्करण में भी रनरअप रहा था।
खबर अपडेट हो रही है..
Sports – Patrika | CMS



