Asian Games 2026: श्रीलंका पर गोलों की बरसात, जुगराज के ‘चौके’ से भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने दर्ज की लगातार दूसरी जीत

Asian Games 2026: श्रीलंका पर गोलों की बरसात, जुगराज के ‘चौके’ से भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने दर्ज की लगातार दूसरी जीत

India vs Sri Lanka: भारतीय पुरुष टीम ने Asian Games 2026 के पूल-ए के अपने दूसरे मैच में श्रीलंका को 16-1 से हराया। भारत ने शुरुआत से ही मुकाबले में दबदबा बनाए रखा। मुकाबले में श्रीलंकाई टीम एक मात्र गोल कर सकी। 

Asian Games 2026, Men’s Hockey: भारत और श्रीलंका की पुरुष हॉकी टीमों के बीच एशियन गेम्स 2026 के पूल-ए का मुकाबला काकामिगाहारा के गिफू प्रीफेक्चरल ग्रीन स्टेडियम में खेला गया। मंगलवार को खेले गए इस मुकाबले में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 16-1 से हराया। भारत की ओर से जुगराज ने सर्वाधिक 4 गोल दागे, जबकि अभिषेक और दिलप्रीत सिंह ने तीन-तीन गोल किए। श्रीलंका की ओर से एक मात्र गोल सुरेश रत्नायके ने किया। उधर, श्रीलंका पर इस जीत के साथ भारतीय टीम दक्षिण कोरिया और जापान को पीछे छोड़ते हुए पूल-ए में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई।

पहला क्वार्टर: भारत ने दागे 4 गोल

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पहले क्वार्टर से ही अपना दबदबा बनाए रखा। मनदीप सिंह ने भारत के लिए पांचवें मिनट में पहला गोल दागा, जिसे 10वें मिनट में जुगराज सिंह ने गोल करके दोगुना कर दिया। इसके बाद 11वें मिनट में अभिषेक और 15वें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने गोल दागकर पहले क्वार्टर में भारत को 4-0 की बढ़त दिला दी।

दूसरा क्वार्टर: भारत ने किए 4 गोल

भारतीय पुरुष हॉकी टीम दूसरे क्वार्टर में भी श्रीलंका पर हावी रही और विरोधी टीम को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया। भारत की ओर से 17वें मिनट में अभिषेक और 22वें मिनट में जुगराज सिंह ने अपना दूसरा गोल दागा। इसके बाद सखजीत सिंह और दिलप्रीत सिंह ने क्रमशः 29वें और 30वें मिनट में गोल दागकर भारत की बढ़त को 8-0 कर दिया।

तीसरा क्वार्टर: भारत का स्कोर 13-0

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने तीसरे क्वार्टर में भी श्रीलंका पर दबाव बनाए रखा। भारतीय टीम की ओर से मनप्रीत ने 31वें और विवेक सागर प्रसाद ने 36वें मिनट में गोल दागे। इसके बाद दिलप्रीत सिंह ने 38वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया, जबकि जुगराज सिंह ने 42वें मिनट में मैच का अपना तीसरा गोल दागकर हैट्रिक पूरी की। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने भी तीसरे क्वार्टर के आखिरी मिनटों में अपना दूसरा गोल दागकर भारत का स्कोर 13-0 कर दिया।

आखिरी क्वार्टर: जुगराज ने मैच का दागा चौथा गोल

चौथे क्वार्टर में श्रीलंका ने अटैक करने का प्रयास किया, लेकिन 49वें मिनट में अभिषेक ने मैच का अपना तीसरा गोल दागकर भारत की बढ़त को 14-0 कर दिया। हालांकि, श्रीलंका ने 50वें मिनट में गोल दागकर अपना खाता खोला। श्रीलंका के लिए यह गोल सुरेश रत्नायके ने दागा। इसके बाद जुगराज सिंह ने 53वें मिनट में मैच का अपना चौथा गोल किया, जिससे भारत का स्कोर 15-1 हो गया। इसके बाद दिलप्रीत सिंह ने 55वें मिनट में अपना तीसरा गोल कर भारत का स्कोर 16-1 कर दिया।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *