Ashwini Vaishnaw और मोहन यादव ने Madhya Pradesh में दो नए रेलखंड राष्ट्र को समर्पित किए

Ashwini Vaishnaw और मोहन यादव ने Madhya Pradesh में दो नए रेलखंड राष्ट्र को समर्पित किए

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को सतना-देवेंद्रनगर और रीवा-चुरहट रेलखंडों का उद्घाटन किया तथा देवेंद्रनगर-चुरहट यात्री ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाई। इस सेवा से विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्रों में रेल संपर्क मजबूत होगा। अधिकारियों ने बताया कि वैष्णव ने नयी दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जबकि यादव ने धार जिले से डिजिटल माध्यम से कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

वैष्णव ने कहा कि ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना के तहत इन रेलखंडों पर परिचालन शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि बेहतर रेल संपर्क से औद्योगिक विकास और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। रेल मंत्री ने बताया, “मध्यप्रदेश में करीब एक लाख करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं पर काम जारी है।

आने वाले वर्षों में 100 से अधिक लंबी दूरी की ट्रेनें और 50 से 60 मेमू तथा इंटरसिटी जैसी कम दूरी की ट्रेन सेवाएं शुरू की जा सकती हैं।”
मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि 541 किलोमीटर लंबी ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश के बीच संपर्क मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि इससे ललितपुर, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, सीधी और सिंगरौली के लोगों को लाभ मिलेगा। यादव ने कहा कि बेहतर रेल संपर्क से किसानों, विद्यार्थियों और उद्योगों को भी सुविधा होगी तथा पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

अधिकारियों के अनुसार, रीवा-चुरहट के बीच करीब 65 किलोमीटर लंबी रेल लाइन का निर्माण लगभग 1,070 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है, जिससे सीधी जिले को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ने में मदद मिलेगी। वहीं, सतना-देवेंद्रनगर के बीच 53 किलोमीटर लंबी रेल लाइन लगभग 873 करोड़ रुपये की लागत से बनाई गई है। रेलवे के अनुसार, इससे क्षेत्र के सीमेंट और खनिज आधारित उद्योगों को माल परिवहन में सुविधा मिलेगी तथा सड़क मार्ग पर निर्भरता कम होगी।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, सांसद जनार्दन मिश्रा, राजेश मिश्रा, गणेश सिंह और विष्णु दत्त शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *