Ashok Gehlot : Ashok Gehlot : जोधपुर में मारपीट के आरोपी युवक को जब पकड़ने पुलिस से गई तो युवक ने घबराकर मकान की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी थी। जिससे उसकी मौत हो गई थी। मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि जोधपुर के उदय मंदिर आसन क्षेत्र में पुलिस की दबिश के दौरान एक युवक की मृत्यु का मामला अत्यंत दुखद और गंभीर है। अशोक गहलोत ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि आखिर ऐसी क्या परिस्थिति थी कि छह-सात साल पुराने मामूली से मुकदमे में ऐसी दहशत बनाकर दबिश दी गयी, जबकि मृतक कोई गंभीर अपराधी नहीं था।
कांग्रेस दिग्गज नेता अशोक गहलोत ने कहा कि पुलिस अधिकारी कह रहे हैं कि उन्हें इस कार्रवाई की जानकारी ही नहीं थी, तो फिर सवाल उठता है कि आखिर पुलिस वहां क्यों गई और यदि गई भी तो घर में मौजूद महिलाओं सहित परिजनों से बदसलूकी क्यों की गयी। पुलिस की इस दहशतभरी कार्रवाई से यह हादसा हो गया, जिससे उसकी जान चली गयी।

