Arunachal Pradesh में गांजा बरामद, ताचुंग बेयोंग गिरफ्तार

Arunachal Pradesh में गांजा बरामद, ताचुंग बेयोंग गिरफ्तार

अरुणाचल प्रदेश में एक युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से 6.39 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। कैपिटल रीजन के पुलिस अधीक्षक नीलम नेगा के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान पूर्वी कामेंग जिले के पक्के कैंप निवासी ताचुंग बेयोंग के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि निरजुली के बोदा नामची में बेयोंग की स्कूटर को रोककर तलाशी ली गई। अधिकारी ने बताया कि बेयोंग की तलाशी लेने पर तीन पैकेट में रखा 34 ग्राम संदिग्ध गांजा बरामद हुआ जबकि उसकी स्कूटर से 74 पैकेट में रखा 910 ग्राम मादक पदार्थ बरामद हुआ। नेगा ने बताया कि इसके बाद बेयोंग के किराए के आवास की तलाशी के दौरान वहां से 5.44 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

उन्होंने बतााय कि जब्त किए गए गांजे की कुल मात्रा 6.39 किलोग्राम है। इसी के साथ पुलिस ने बेयोंग के पास से 27,400 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, एक अन्य कार्रवाई में बंदरदेवा पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 14.84 ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद की।

यह कार्रवाई मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना मिलने के बाद बृहस्पतिवार को बंदरदेवा जांच चौकी पर की गई। उन्होंने बताया कि एक वाहन को रोककर उसमें सवार लोगों की तलाशी लेने पर नारंगी रंग के पाउडर से भरी 12 छोटी शीशियां बरामद हुईं। अधिकारियों के मुताबिक, इसके हेरोइन होने की संदेह है।

शीशियों समेत इसका कुल वजन 14.84 ग्राम है और अवैध बाजार में इसकी कीमत करीब 1.2 से दो लाख रुपये आंकी गई है। आरोपियों की पहचान निरजुली निवासी योरुम सोकू (24) और कोलोरियांग निवासी निक्जा काया (24) के रूप में हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *