iPhone Duo price India: भारत में एपल का पहला फोल्डेबल फोन खरीदने के लिए ग्राहकों के बीच होड़ लग गई है। फोन की कीमत पहले से ही करीब तीन लाख रुपये रखी गई है, फिर भी लोग इसे सबसे पहले लेने के लिए लंबी लाइनों में लगे हैं। आलम यह है कि बाजार में स्टॉक पहुंचते ही गायब हो गया और अब रिटेलर्स इसे 70 हजार से लेकर 1 लाख रुपये तक के भारी प्रीमियम पर बेच रहे हैं। यानी जो फोन आधिकारिक तौर पर 2,99,900 रुपये का है, वह अब सीधे 4 लाख रुपये के करीब मिल रहा है।
बहुत कम आई सप्लाई
दिल्ली-एनसीआर के बाजारों का हाल सबसे बुरा है। आज यानी 23 अक्टूबर को बिक्री शुरू होते ही नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली के बड़े-बड़े शोरूम्स में स्टॉक खत्म होने के बोर्ड लग गए। खुदरा दुकानदारों का कहना है कि मांग का अंदाजा तो था, लेकिन कंपनी से मिले माल ने सबको चौंका दिया। 1.5 लाख से ज्यादा मोबाइल दुकानदारों की नुमाइंदगी करने वाले ऑल इंडिया मोबाइल रिटेलर्स एसोसिएशन (AIMRA) के मुताबिक, जहां डीलर्स को 100 फोन मिलने की उम्मीद थी, वहां उन्हें सिर्फ 5 से 7 मोबाइल थमा दिये गए। कई दुकानों को तो 10 पीस भी बमुश्किल मिले।
MRP से 1 लाख रुपये ज्यादा देने को भी तैयार
लाइव मिंट की एक रिपोर्ट के अनुसार, ग्राहकों में इस फोन को लेकर दीवानगी ऐसी है कि एमआरपी से 25 हजार से 1 लाख रुपये ज्यादा देने को भी हंसते-हंसते तैयार हैं। हालांकि, कुछ गिने-चुने दुकानदार अपने पुराने और पक्के ग्राहकों को तय दाम पर ही फोन दे रहे हैं।
दुनियाभर में है शॉर्टेज
यह परेशानी सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है, दुनिया भर में यह समस्या आ रही है। फोन के नए डिस्प्ले और जटिल हिंज डिजाइन की वजह से चीन की चुनिंदा फैक्ट्रियों में ही इसका प्रोडक्शन हो पा रहा है। उत्पादन में आ रही तकनीकी दिक्कतों के चलते पर्याप्त यूनिट्स बन ही नहीं पा रही हैं। स्थिति यह हो गई है कि एपल की भारत और अमेरिका की आधिकारिक वेबसाइट्स पर बुकिंग शुरू होने के चंद घंटों के भीतर ही डिलीवरी की तारीख सीधे 2027 दिखाने लगी। भारत में जमाखोरी रोकने के लिए एपल ने एक ग्राहक के लिए अधिकतम 2 फोन खरीदने की लिमिट भी तय कर दी है।
अमेरिका में भी बेकाबू हुआ रीसेल मार्केट
अमेरिका में भी रीसेल मार्केट बेकाबू हो चुका है। ईबे जैसी साइटों पर 2,599 डॉलर वाला 1TB मॉडल 4,400 डॉलर में और 3,199 डॉलर वाला 2TB मॉडल 5,000 डॉलर में बेचा जा रहा है। कुल मिलाकर, एपल के इस पहले फोल्डेबल फोन ने साबित कर दिया है कि दाम चाहे जितना भी आसमान छू ले, अगर एपल का लोगो लगा है, तो लोग जेब ढीली करने से पीछे नहीं हटेंगे।

