साल 2001 में रिलीज हुई अनिल कपूर, रानी मुखर्जी और अमरीष पुरी स्टारर फिल्म नायक सुपरहिट रही थी। फिल्म आज भी भारत की कल्ट फिल्मों में गिनी जाती है। अब फिल्म रिलीज के 25 साल बाद अनिल कपूर जल्द ही इसका सीक्वल ला सकते हैं। उन्होंने हाल ही में फिल्म के प्रोड्यूसर ए.एम.रत्नम से फिल्म के राइट्स खरीद लिए हैं। हाल ही में आई बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट में सूत्र के हवाले से बताया गया है कि सनम तेरी कसम जैसी हिट फिल्म बना चुके प्रोड्यूसर दीपक मुकुट के पास साल 2001 में आई फिल्म नायक के राइट्स थे। लेकिन हाल ही में अनिल कपूर ने उनसे फिल्म नायक के राइट्स खरीद लिए हैं। रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि फिल्म नायक अनिल कपूर के दिल के बेहद करीब है, इसलिए वो इसके राइट्स अपने पास रखना चाहते हैं। वो इस फिल्म का सीक्वल भी बनाना चाहते हैं। उन्हें अच्छी तरह पता है कि सालों में इस फिल्म को दर्शकों से कितना प्यार मिला है और उनका मानना है कि नायक के सब्जेक्ट में सीक्वल की संभावनाएं हैं। फिल्म नायक साल 2001 की हिट फिल्म थी, जिसमें अनिल कपूर, रानी मुखर्जी, पूजा बत्रा, अमरीश पुरी, परेश रावल अहम किरदारों में थे। फिल्म का निर्देशन शंकर ने किया था। ये शंकर की ही साउथ फिल्म मधुवलन (1999) की हिंदी रीमेक थी। नायक, डायरेक्टर शंकर के निर्देशन में बनी इकलौती हिंदी फिल्म है। इसके अलावा वो शिवाजी- द बॉस, आई, रोबोट 2.0 जैसी सुपरहिट फिल्में बना चुके हैं। 2013 से हैं नायक का सीक्वल बनने की खबरें इससे पहले भी नायक की सीक्वल की खबरें सुर्खियों में रही हैं। साल 2013 में खबरें थीं कि अनिल कपूर नायक का सीक्वल कर रहे हैं, जिसका टाइटल नायक रिटर्न होने वाला है। हालांकि मेकर्स की तरफ से इसकी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई थी। इसके बाद साल 2017 में भी ये सीक्वल चर्चा में था। तब रिपोर्ट्स थीं कि वी.विजयेंद्र प्रसाद फिल्म का स्क्रीनप्ले तैयार कर रहे हैं और 2017 में ही इसका पोस्ट प्रोडक्शन शुरू किया गया है, हालांकि फिल्म की शूटिंग शुरू नहीं की गई थी।
कल्ट फिल्म नायक का सीक्वल बना सकते हैं अनिल कपूर:रिलीज के 25 साल बाद प्रोड्यूसर से खरीदे फिल्म के राइट्स, जल्द शुरू कर सकते हैं काम


