राजस्थान के अलवर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम से पहले पुलिस ने कुछ छात्रों को हिरासत में ले लिया। ये छात्र राज्य में छात्र संघ चुनाव बहाल करने सहित कई मुद्दों को विरोध प्रदर्शन करने और काले झंडे दिखाने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरआर कॉलेज में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले छात्रों को हिरासत में लिया गया। ये छात्र कथित तौर पर कई मुद्दों को लेकर प्रदर्शन करने की योजना बना रहे थे जिनमें दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर कथित लाठीचार्ज, छात्र संघ चुनाव बहाल करना व सड़कों की खराब हालत शामिल है। सूत्रों ने बताया कि उन्होंने सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराने के लिए काले झंडे दिखाने की भी योजना बनाई थी।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय मंत्री शाह, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ आज दिन में अलवर के विजय नगर ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के दौरान शाह राजस्थान भर में 6,279 करोड़ रुपये के 933 विकास कार्यों का वर्चुअल उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। अलवर की परियोजनाओं में 200 करोड़ रुपये के नए सरस डेयरी संयंत्र का शिलान्यास और एक मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन शामिल है।
अधिकारियों के अनुसार कार्यक्रम के दौरान राज्य-स्तरीय मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव भी आयोजित किया जाएगा जिसमें 10,548 नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे, जिनमें अलवर जिले के 461 कर्मचारी शामिल हैं।


