लखनऊ में एक महिला ने कुछ लोगों पर एआई से उसकी अर्धनग्न और अश्लील फोटो-वीडियो तैयार कर फेसबुक और इंस्टाग्राम पर वायरल कर दी। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उससे 10 लाख रुपए की रंगदारी मांगी थी। वह 2.35 लाख रुपए नकद दे चुकी है। इसके बाद भी रुपए की मांग जारी रही और रुपए नहीं देने पर उसकी आपत्तिजनक फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दी गईं।
प्रयागराज के फाफामऊ स्थित साई मार्बल कॉलोनी की रहने वाली पीड़िता ने पुलिस से की शिकायत में बताया 8 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे वह एक मुकदमे के सिलसिले में लखनऊ आई थी। इंदिरानगर स्थित एक कॉफी शॉप पर बैठी थी तभी उसे सोशल मीडिया पर अपनी अर्धनग्न और अश्लील फोटो-वीडियो दिखाई दी। इसके बाद उसने रात 11:54 बजे 1090 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। कई लोगों और न्यूज पोर्टल के नाम शिकायत में शामिल महिला ने अपनी शिकायत में नूर आलम, सलमान अहमद, मोहम्मद आलम, मोहम्मद असलम समेत कुछ सोशल मीडिया अकाउंट और न्यूज पोर्टल के नाम भी दिए हैं। आरोप है कि इन लोगों ने साजिश के तहत एआई से उसकी अश्लील तस्वीरें तैयार कर उन्हें फेसबुक और इंस्टाग्राम पर अपलोड किया। इससे उसकी सामाजिक छवि खराब हुई और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। पुराने मुकदमे में गवाही चलने का भी दावा महिला का कहना है कि आरोपी पिछले कई महीनों से उस पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। उसने बताया कि साल 2022 में कौशांबी के कोखराज थाने में दर्ज मुकदमे में उसे गोली मारी गई थी। इस मामले में आरोपी जेल भी जा चुके हैं। महिला के मुताबिक, इसी मामले की गवाही कौशांबी जिला कोर्ट में चल रही है। आरोपी गवाही न देने और मुकदमा वापस लेने के लिए लगातार धमकी दे रहे हैं।
आरोपी मोहम्मद आलम पर विभिन्न थानों में करीब 16 मुकदमे और नूर आलम पर सात मुकदमें दर्ज हैं। सभी नामजद आरोपी गिरोह बनाकर ब्लैकमेलिंग और वसूली करते हैं। मामले में पुलिस का कहना है मुकदमा दर्ज करके जांच की जा रही है।

