पुलिस ने गुजरात के अहमदाबाद में अहमदाबाद-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर एक टोल प्लाजा के पास करीब 25 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए हैं और इस सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (अपराध) अजीत राजियान ने बताया कि अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करने के लिए सूरत और अहमदाबाद की अपराध शाखाओं की एक संयुक्त टीम ने बुधवार को रामोल थाना क्षेत्र में यह अभियान चलाया।
एक विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस ने राजमार्ग पर सीटीएम टोल प्लाजा के पास से 4.53 किलोग्राम हेरोइन और 2.49 किलोग्राम मेफेड्रोन जब्त किया, जिनकी कुल कीमत करीब 25 करोड़ रुपये है। विज्ञप्ति में बताया गया कि पुलिस ने इस मामले में नयी दिल्ली के निवासी टिफेल नोखेज (44) और कफील अहमद (59) तथा उत्तर प्रदेश के मेरठ निवासी मोहम्मद इमरान अल्वी (38) को गिरफ्तार किया है। इसके अनुसार, नोखेज कथित तौर पर पहले भी 2014 में अमृतसर में 100 ग्राम हेरोइन और 2019 में 300 किलोग्राम हेरोइन एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने में शामिल था।
विज्ञप्ति में बताया गया कि अल्वी का नाम भी छेड़छाड़, मानव तस्करी और धोखाधड़ी समेत कई आपराधिक मामलों से जुड़ा रहा है। इसके अनुसार, अहमद को पहले जयपुर में 18.5 किलोग्राम चरस की जब्ती के मामले में, अहमदाबाद में 100 ग्राम मेफेड्रोन के मामले में और पैरोल पर रहने के दौरान राजस्थान में तीन किलोग्राम अल्प्राजोलम की जब्ती के मामले में गिरफ्तार किया गया था। मामले में आगे की जांच जारी है।

