Ahmedabad: स्पा की आड़ में ड्रग्स का कारोबार का पर्दाफाश, एक गिरफ्तार

Ahmedabad: स्पा की आड़ में ड्रग्स का कारोबार का पर्दाफाश, एक गिरफ्तार

Ahmedabad. शहर में चल रहे स्पा सेंटर्स में मसाज की आड़ में नशीले पदार्थों (ड्रग्स) के अवैध कारोबार का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। अहमदाबाद शहर क्राइम ब्रांच की टीम ने सूचना के आधार पर ओढव इलाके में स्थित एक स्पा पर छापा मारकर स्पा संचालक को एमडी ड्रग्स के कमर्शियल जत्थे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी राजस्थान के बालोतरा से ड्रग्स लाती थी। स्पा में आने वाले ग्राहकों को ऊंचे दामों में बेचते थे। क्राइम ब्रांच अब इस पूरे नेटवर्क को खत्म करने के प्रयास में जुट गई है।

क्राइम ब्रांच के एसीपी भरत पटेल ने रविवार को संवाददाताओं को बताया कि टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि ओढव सर्कल के पास स्थित ‘निर्मित स्क्वायर’ की पहली मंजिल पर स्थित ‘एसएचआर नेचुरल स्पा’ में अवैध रूप से नशीले पदार्थों की बिक्री की जा रही है। सूचना पर टीम ने स्पा में छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां से 212 ग्राम गैर-कानूनी मेफेड्रोन (एमडी ड्रग्स) बरामद हुई, जिसकी बाजार में कीमत 6,38,700 रुपए है। मौके से स्पा संचालक पीराराम चौधरी (23) को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी मूलरूप से राजस्थान के जालौर जिले की सायला तहसील के भांडपुर का रहने वाला है। अहमदाबाद में इसी स्पा में रहता था।

बालोतरा से जुड़े तार, दूसरे स्पा संचालक की तलाश

जांच में सामने आया है कि स्पा संचालक पीराराम चौधरी यह नशीला पदार्थ (ड्रग्स) राजस्थान के बालोतरा जिले की पचपदरा तहसील के जासोल गांव निवासी रमेश माली के पास से लेता था। ये दोनों ही आरोपी शहर में स्पा चलाने का काम करते हैं। राजस्थान के बालोतरा से ड्रग्स मंगवाकर स्पा में आने वाले ग्राहकों को मनमाने दामों पर सप्लाई करते थे। पुलिस ने वांटेड आरोपी रमेश माली की तलाश शुरू की है। पहले रमेश माली ही पीराराम के स्पा में आकर ग्राहकों को एमडी ड्रग्स देता था। इसके लिए वह प्रति ग्राम 200 रुपए का कमीशन पीराराम को देता था। अच्छा कमीशन मिलने पर पीराराम ने ही रमेश से माल खरीदकर ग्राहकों को देने का काम शुरू किया था।

आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास

पकड़े गए आरोपी पीराराम चौधरी का पहले से ही आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ पहले भी ओढव पुलिस स्टेशन में 3 अलग-अलग मामले दर्ज हो चुके हैं। क्राइम ब्रांच ने इसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *